मतदाता सूची पुनरीक्षण आज से: रामगढ़ में शुरू हुआ बड़ा अभियान
झारखंड के रामगढ़ जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान की शुरुआत 30 जून से होगी

बीएलओ घर-घर पहुंचेंगे: हर मतदाता से भरवाएंगे गणना प्रपत्र
- प्रवासी मतदाताओं को राहत: ईसीनेट पोर्टल से भी जमा होगा फॉर्म
- 5 अगस्त को सूची जारी: दावा-आपत्तियों का दौर रहेगा जारी
रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान की शुरुआत 30 जून से होगी।
इस दौरान 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता से गणना प्रपत्र भरवाएंगे। इस चरण में मतदाताओं से किसी भी प्रकार का दस्तावेज नहीं लिया जाएगा। सोमवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज ने बताया कि बीएलओ प्रत्येक मतदाता को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे। मतदाता प्रपत्र भरकर हस्ताक्षर के साथ बीएलओ को सौंपेंगे। इनमें से एक प्रति रसीद के रूप में मतदाता को वापस दी जाएगी, जबकि दूसरी कार्यालय में जमा होगी।
श्री ऋतुराज ने बताया कि राज्य से बाहर रह रहे प्रवासी श्रमिक, विद्यार्थी या अन्य अनुपस्थित मतदाताओं के लिए परिवार का कोई वयस्क सदस्य ईसीनेट पोर्टल अथवा बीएलओ के माध्यम से गणना प्रपत्र प्राप्त कर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जमा कर सकता है।
श्री ऋतुराज ने बताया कि 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक सत्यापन की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान केवल चिन्हित मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे। जिन मतदाताओं या उनके माता-पिता का नाम पूर्व विशेष पुनरीक्षण की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं, जिनका नाम पूर्व सूची में नहीं है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-अभिप्रमाणित प्रति जमा करनी होगी।
उपायुक्त ने बताया कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि जिले की बड़कागांव और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के कुल 7,55,455 मतदाताओं में से 6,16,585 (81.62 प्रतिशत) मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 1,38,870 मतदाताओं की मैपिंग शेष है।
श्री ऋतुराज ने बताया कि 30 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक होगी। इस दौरान निर्वाचन आयोग की प्रचार सामग्री का वाचन किया जाएगा तथा # झारखंड एसआईआर हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसमें ईएलसी सदस्य, मतदाता, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी भाग लेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत सभी संबंधित अधिकारी और कर्मी ईसीनेट मोबाइल ऐप का उपयोग सुनिश्चित करेंगे, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।
श्री ऋतुराज ने सभी मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी जानकारी या सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950, ईसीनेट पोर्टल और मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है।


