Top
Begin typing your search above and press return to search.

रांची: धुर्वा डैम में कूदकर बीआईटी की बीबीए छात्रा ने दी जान

झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा डैम में गुरुवार की शाम को एक छात्रा के कूदकर जान देने की घटना सामने आई है

रांची: धुर्वा डैम में कूदकर बीआईटी की बीबीए छात्रा ने दी जान
X

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा डैम में गुरुवार की शाम को एक छात्रा के कूदकर जान देने की घटना सामने आई है। मृतका की पहचान पुंदाग ओपी क्षेत्र के सेल सिटी निवासी निमिषा झा (18 वर्ष) के रूप में हुई है।

निमिषा बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) लालपुर एक्सटेंशन में बीबीए की छात्रा थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती को दोपहर के वक्त डैम के किनारे अकेले देखा गया था। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते या उसे रोकने का प्रयास करते, उसने अचानक गहरे पानी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर तत्काल नगड़ी थाना पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

सूचना मिलते ही नगड़ी थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से छात्रा की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत और घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने युवती का शव पानी से बाहर निकाला। जैसे ही युवती की शिनाख्त हुई और इसकी खबर सेल सिटी स्थित उसके घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन आनन-फानन में धुर्वा डैम पहुंचे, जहां पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी की।

युवती के इस आत्मघाती कदम से उसके सहपाठियों और बीआईटी परिसर में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

नगड़ी पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं की गई है। पुलिस अब मृतका के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पिछले कुछ दिनों से किसी मानसिक तनाव या परेशानी में तो नहीं थी।

परिजनों और दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। डैम परिसर में सुरक्षा और निगरानी को लेकर भी स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it