Top
Begin typing your search above and press return to search.

झारखंड: खूंटी में अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर 7 लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा में भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत के बाद शुक्रवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कर्रा रेलवे फाटक के पास टायर जलाकर मुख्य सड़क जाम कर दी। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।

झारखंड: खूंटी में अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर 7 लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
X

खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा में भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत के बाद शुक्रवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कर्रा रेलवे फाटक के पास टायर जलाकर मुख्य सड़क जाम कर दी। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।

प्रदर्शनकारी हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रेलर चालक की तत्काल गिरफ्तारी, मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। गुरुवार रात करीब 10 बजे कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। स्कूटी सवार की मदद के लिए आसपास के ग्रामीण सड़क किनारे जुटे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे 18 पहिए वाले ट्रेलर-ट्रक ने वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया था।

हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 12 वर्षीय एक बच्चे ने खूंटी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस दुर्घटना में एक बच्ची घायल हुई है। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने कर्रा रेलवे फाटक के पास सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि जोने-लुदरू मोड़ पर अंधेरा और सड़क की स्थिति दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाती है। इसके बावजूद भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं।

ग्रामीणों ने इस स्थान पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी मांग की। सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की। सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया।

जाम हटाने के लिए बातचीत जारी रही। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि खूंटी के कर्रा में सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत की खबर से उनका मन व्यथित है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it