Top
Begin typing your search above and press return to search.

झारखंडः खूंटी में अफीम-डोडा बरामद, चार गिरफ्तार, एक एकड़ में लगी अवैध खेती नष्ट

झारखंड के खूंटी जिले की पुलिस ने मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है

झारखंडः खूंटी में अफीम-डोडा बरामद, चार गिरफ्तार, एक एकड़ में लगी अवैध खेती नष्ट
X

खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले की पुलिस ने मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र के घरों में की गई छापेमारी के दौरान करीब 36 लाख रुपये मूल्य का अफीम और डोडा बरामद किया गया है। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बकसपुर पंचायत स्थित गारी गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। सूचना मिली थी कि गांव के संतोष आईंद और जीवन जशमन आईंद उर्फ लेबरे ने अपने घरों में अफीम और डोडा छिपाकर रखा है।

एसपी मनीष टोप्पो के निर्देश पर तोरपा एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में गठित टीम ने संतोष आईंद के घर से दो बोरे में छिपाकर रखा गया 39.78 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर जीवन जशमन आईंद के घर से प्लास्टिक की बाल्टी में रखा 6.320 किलोग्राम अफीम जैसा पदार्थ जब्त किया गया।

पुलिस ने इस मामले में संतोष आईंद और जीवन जशमन आईंद के अलावा महादेव टुटी उर्फ मनीष तथा जाठा संगा उर्फ सुकरा संगा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अवैध अफीम की खेती और कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गारी गांव में करीब एक एकड़ में लगी अफीम की फसल, जिसमें फल लगे हुए थे, को भी नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से यह संकेत मिला है कि जिले में प्रतिबंध के बावजूद चोरी-छिपे अफीम की खेती अब भी जारी है।

इस संबंध में जरियागढ़ थाना में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। छापेमारी दल में एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेट्टा, सर्किल इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी विरेंद्र कुमार, सब-इंस्पेक्टर आनंद कुमार पंडित, सहायक अवर निरीक्षक तारकेश्वर साह गोंड सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it