Top
Begin typing your search above and press return to search.

झारखंडः पलामू में पांच लाख के इनामी रहे पूर्व माओवादी कमांडर की नृशंस हत्या, पत्थर से कूचकर मौत के घाट उतारा

झारखंड के पलामू जिले में एक पूर्व माओवादी कमांडर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने पांडू थाना क्षेत्र के बेलहारा इलाके से शनिवार को एक शव बरामद किया था, जिसकी पहचान रविवार को कुख्यात पूर्व नक्सली जगनारायण यादव उर्फ विशाल यादव के रूप में हुई है।

झारखंडः पलामू में पांच लाख के इनामी रहे पूर्व माओवादी कमांडर की नृशंस हत्या, पत्थर से कूचकर मौत के घाट उतारा
X

मेदिनीनगर। झारखंड के पलामू जिले में एक पूर्व माओवादी कमांडर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने पांडू थाना क्षेत्र के बेलहारा इलाके से शनिवार को एक शव बरामद किया था, जिसकी पहचान रविवार को कुख्यात पूर्व नक्सली जगनारायण यादव उर्फ विशाल यादव के रूप में हुई है।

एक समय झारखंड सरकार ने विशाल यादव पर पांच लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाल यादव मूल रूप से पलामू के छतरपुर स्थित गुरदी गांव का निवासी था। वह पांडू क्षेत्र में अपने एक रिश्तेदार के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने गया था।

शनिवार को उसका शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई थी, लेकिन चेहरा क्षत-विक्षत होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी। बाद में सोशल मीडिया पर तस्वीरें प्रसारित होने के बाद परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को अंदेशा है कि उसकी हत्या पत्थर से कूचकर अत्यंत नृशंस तरीके से की गई है।

पांडू थाना प्रभारी बिगेश कुमार राय ने पुष्टि की है कि जयनारायण का पुराना नक्सली इतिहास रहा है। वह वर्ष 2015-16 के दौरान माओवादी संगठन में कमांडर के पद पर सक्रिय था और उसके खिलाफ कई गंभीर नक्सली वारदातों के मामले दर्ज थे।

गिरफ्तारी के बाद वह लंबे समय तक जेल में रहा और वहां से रिहा होने के बाद वह मुख्यधारा में लौटकर सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था। पुलिस के अनुसार, शव की आधिकारिक पहचान होने के बाद परिजन थाने पहुंच रहे हैं। परिजनों के लिखित आवेदन और बयान के आधार पर पुलिस अग्रिम कानूनी कार्रवाई करेगी।

फिलहाल, पुलिस इस बिंदु पर तफ्तीश कर रही है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का परिणाम है या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह शामिल है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it