Top
Begin typing your search above and press return to search.

झारखंडः रामगढ़ में दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गिरोह के 7 गुर्गे गिरफ्तार

झारखंड के रामगढ़ जिले में आतंक का पर्याय बने कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है

झारखंडः रामगढ़ में दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गिरोह के 7 गुर्गे गिरफ्तार
X

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में आतंक का पर्याय बने कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लेवी (रंगदारी) के लिए फायरिंग और दहशत फैलाने वाले इस गिरोह के 7 सक्रिय सदस्यों को पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से घातक हथियार, कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक आई20 कार, एक लैपटॉप और 7 एंड्रायड मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस इस गिरोह के डिजिटल और फिजिकल नेटवर्क को खंगाल रही है, ताकि इनके पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त किया जा सके। बीते एक सप्ताह के भीतर पतरातू औद्योगिक क्षेत्र में गिरोह ने दो बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था।

लगभग पांच दिन पूर्व एमजीसीपीएल कंपनी के साइट पर लेवी वसूलने के उद्देश्य से अंधाधुंध फायरिंग की गई थी, जिसमें वहां तैनात एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र के व्यवसायियों और कंपनियों में भारी दहशत का माहौल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अजय कुमार के निर्देश पर पतरातू एसडीपीओ कुमार गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने पतरातू, भुरकुंडा, भदानीनगर और बरकाकाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी की। सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के सात सदस्यों को दबोच लिया। एसपी अजय कुमार ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके मददगारों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस अब राहुल दुबे गिरोह के पूरे नेटवर्क को जड़ से मिटाने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it