Top
Begin typing your search above and press return to search.

गिरिडीह में चार साल के बच्चे को लेकर 150 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ा युवक, तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा गया

झारखंड के गिरिडीह जिले में पारिवारिक जमीन विवाद के बीच गुरुवार को एक युवक अपने चार साल के बच्चे को लेकर करीब 150 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अजीडीह में हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने करीब तीन घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया। युवक की पहचान महादेव तिवारी के रूप में हुई है।

गिरिडीह में चार साल के बच्चे को लेकर 150 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ा युवक, तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा गया
X

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में पारिवारिक जमीन विवाद के बीच गुरुवार को एक युवक अपने चार साल के बच्चे को लेकर करीब 150 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अजीडीह में हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने करीब तीन घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया। युवक की पहचान महादेव तिवारी के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे लोगों ने उसे बच्चे के साथ पानी टंकी के ऊपरी हिस्से पर देखा। इतनी ऊंचाई पर छोटे बच्चे को देखकर लोग चिंतित हो गए और मौके पर भीड़ जुटने लगी। लोगों ने युवक को नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सब-इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार खुद टंकी पर चढ़े और युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत के बावजूद युवक नीचे नहीं उतरा।

इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोग बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहे। इसके बाद अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोबाइल फोन के जरिए युवक से बात की और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए मनाने की कोशिश की। प्रशासन की ओर से भरोसा दिलाया गया कि पहले वह बच्चे के साथ नीचे उतरे, फिर उसकी पारिवारिक समस्या के समाधान के लिए बातचीत की जाएगी। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। बाद में पानी टंकी के पास एक पेड़ के नीचे युवक के गोतिया और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में जमीन विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक जमीन विवाद और गुरुवार सुबह पत्नी के साथ हुई कहासुनी के बाद युवक ने यह कदम उठाया। स्थानीय लोगों ने युवक के शराब के नशे में होने की बात भी कही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it