आदित्य साहू का तीखा हमला- झारखंड किसी की जागीर नहीं, जनता का है
झारखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी

व्यापारियों पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पलटवार
- दलालों-बिचौलियों को संरक्षण दे रही सरकार: साहू का आरोप
- मोदी सरकार से झारखंड को मिला विकास का लाभ, राज्य सरकार पर माफी की मांग
रांची। झारखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के व्यापारियों पर अपमानजनक टिप्पणी करते हैं। घाटशिला उपचुनाव में भी उन्होंने व्यापारियों के संबंध में अपमानजनक टिप्पणी की थी। प्रदेश भाजपा ऐसे बयान की कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है मुख्यमंत्री को व्यवसायियों, व्यापारियों से नफरत है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री को दलालों, बिचौलियों से अपार प्रेम है। इसीलिए वे राज्य में दलालों बिचौलियों को बढ़ावा और संरक्षण दे रहे। हेमंत सोरेन की सरकार को बिचौलिए दलाल ही चला रहे।
श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री अभी अभी विदेश दौरा से लौटे हैं। राज्य में निवेश व्यापार को बढ़ाने की बात कर रहे हैं। वे राज्य के कुछ व्यायारियों को लेकर भी गए थे। मुख्यमंत्री का फिर यह दोहरा चरित्र क्यों? उन्होंने कहा कि ये व्यापारी समाज ही है जो लाखों लोगों की रोजी रोटी से जुड़ा हुआ है। लाखों परिवार का पालन व्यवसायों से ही होता है।इसलिए एक संवैधानिक प्रमुख पद पर बैठकर व्यापारियों को गाली देना शोभा नहीं देता।
श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी को उन्हें सम्मानित करना चाहिए़ जो आपका काम पूरा कर रहे।आप रोजगार बोल कर नहीं दे रहे और व्यायारी वर्ग लाखों घर चला रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पता है, राज्य में अपराधियों की धमकी, फिरौती, बच्चे का अपहरण जैसे दर्द झेलकर कैसे व्यापारी वर्ग व्यवसाय कर रहा। लेकिन राज्य सरकार सुविधा नहीं देकर उन्हें गालियां दे रही।
श्री साहू ने कहा कि राज्य के व्यापारियों को गाली देते हैं और बालू ,पत्थर दूसरे राज्यों में अवैध तरीके से भेजने, तस्करी को बढ़ावा देने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं। इधर व्यापारियों को गाली देते हैं और दलालों, बिचौलियों को संरक्षण दे रहे। किसान से धान की खरीद हो नहीं रही है ।किसान कुव्यवस्था के कारण दलाल बिचौलियों को धान बेचने को मजबूर हैं और सरकार फिर इन्हीं बिचौलियों से धान खरीद कर उन्हें लाभ पहुंचाएगी।और इसी दोहरे चरित्र के कारण राज्य में निवेशक आने से डरते हैं। मुख्यमंत्री लाख विदेश यात्रा पर चले जाएं, खूब मौज मस्ती कर लें लेकिन अगर व्यापार और निवेश के प्रति नियत साफ नहीं रहेगी तो कोई निवेशक यहां निवेश करने नहीं आयेगा।
श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस पार्टी और गठबंधन के नेता हैं वे तो पुराना व्यापारी हैं जिसने झारखंड आंदोलन का ही व्यापार कर दिया। झामुमो कांग्रेस विक्रेता और क्रेता बन गए।आज भी सरकार की नीयत झारखंड को बेचने की है इसे बचाने की नहीं।
मुख्यमंत्री के कोयला रोकने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि झारखंड किसी पार्टी या परिवार की जागीर नहीं।यह साढ़े तीन करोड़ जनता का झारखंड है।यह भारत देश का अभिन्न हिस्सा है। हम सभी भारत के निवासी हैं। इसलिए भारत को खंड खंड में देखने का नजरिया राष्ट्र विरोधी नजरिया है।राज्य के मुख्यमंत्री से राष्ट्र विरोधी बयान की अपेक्षा नहीं।
श्री साहू ने कहा कि झारखंड का कोयला है तो किसी दुसर राज्य से कुछ और आता है।सब मिलकर विकसित भारत बनता है। इसलिए विकसित झारखंड बनाने में केन्द्र सरकार के साथ खड़ा होना आपकी जिम्मेवारी है। जनता ने आपको इसी केलिए अवसर दिया है।
श्री साहू ने कहा कि जिसे रोकना चाहिए उसे वे रोक नहीं रहे। रोकना है तो भ्रष्टाचार रोकिए। घुसपैठियों से हो रही जमीन की लूट रोकिए। आदिवासी, दलित, पिछड़ों के साथ हो रहे अत्याचार को रोकिए। अपरहण, धमकी, फिरौती को रोकिए। जल , जंगल जमीन की लूट रोकिए। बहन बेटियों के साथ हो रहे दुष्कर्म रोकिए। अवैध उत्खनन रोकिए।बालू,कोयला पत्थर की लूट रोकिए।
श्री साहू ने कहा कि दिन के उजाले में कोयले का अवैध उत्खनन राज्य में हो रहा। रामगढ़ जिला के घाटों थाना क्षेत्र परसा बेड़ा, लाइयो, बड़गांव, सिरका कुजू थाना क्षेत्र के कर्मा,बनवार, हैसागढ़ा ,रजरप्पा, धनैया, बोकारो के तिलैया, चोरिटांड़, महुआडांड़,धनबाद के निरसा,कलियासोला,ग़ल्फ़ाबादी, रामकनली,लोदाना,जैसे एक दर्जन से ज्यादा स्थान अवैध उत्खनन के क्षेत्र हैं।
श्री साहू ने कहा कि मोदी सरकार झारखंड की जनता केलिए पूरी तरह समर्पित है।आज मोदी सरकार के कारण झारखंड में....प्रधानमंत्री जनधन योजना में 2.02 करोड़ खाते खुले प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना में 88.4लाख लोग पंजीकृत हैं।प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 1.6 करोड़ लोग पंजीकृत हैं।अटल पेंशन योजना में 25.6 लाख लोग पंजीकृत हैं।प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से झारखंड में 89 हजार करोड़ रुपए मिले हैं।प्रधानमंत्री किसान क्रेडिट कार्ड में 5.92 लाख किसान जुड़े हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से 18.8 लाख किसान लाभान्वित हो रहे हैं। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ 2करोड़ 64 लाख लोगों को मिल रहा।आयुष्मान कार्ड 1.35 करोड़ लोगों को मिला है। राज्य में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का लाभ 38.9 लाख घरों तक गैस कनेक्शन। जल जीवन मिशन का लाभ 34.4 लाख घरों तक पहुंचा है।इसके अलावा हाईवे, रेलवे, वायु सेवा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास मोदी सरकार में हुआ है।
श्री साहू ने कहा कि इसलिए मोदी सरकार के विकसित भारत संकल्प को पूरा करने में विकसित झारखंड बनाना भी जरूरी है।राज्य सरकार को इस सोच के साथ काम करना चाहिए।न कि विरोध और टकराव की भाषा में। मुख्यमंत्री को राज्य की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा, सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक भी उपस्थित थे।


