Top
Begin typing your search above and press return to search.

जम्मू में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' मार्च का ऐलान, सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया ब्लॉक करेगी रैली

इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने 'वोट बचाओ, देश बचाओ' नारे के साथ शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। यह मार्च बुधवार को गिरधारी लाल डोगरा चौक से अंबेडकर चौक तक आयोजित किया जाएगा

जम्मू में वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च का ऐलान, सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया ब्लॉक करेगी रैली
X

जम्मू। इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने 'वोट बचाओ, देश बचाओ' नारे के साथ शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। यह मार्च बुधवार को गिरधारी लाल डोगरा चौक से अंबेडकर चौक तक आयोजित किया जाएगा। मार्च में नेता लोगों से चुनावी गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध में शामिल होने की अपील करेंगे।

इस संबंध में कांग्रेस नेता ने कहा, "आज गठबंधन की जम्मू ग्रामीण और शहरी लीडरशिप एक साथ बैठी और यह फैसला किया कि बुधवार को सभी वरिष्ठ नेता, कांग्रेस और लाइक माइंडेड पार्टियों के कार्यकर्ताओं के साथ एक शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे। यह मार्च बुधवार को गुरुद्वारा चौक से लेकर बाबा भीमराव अंबेडकर चौक तक जाएगा। जिस तरह से वोट के अधिकार की चोरी की जा रही है, उसके खिलाफ हम भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करेंगे और देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग करेंगे।"

उन्होंने कहा कि आरजेडी, कांग्रेस और गठबंधन से जुड़े सहयोगी दलों ने एक सप्ताह का कार्यक्रम तय किया था, जो 2 से 8 अक्टूबर तक चलना था। उसी क्रम में एक कार्यक्रम यह भी था किगठबंधन के सभी सांसद राष्ट्रपति भवन की ओर कूच करेंगे। अगर उन्हें इस दौरान गिरफ्तार किया गया, तो यह बेहद गलत है। ऐसा लगता है जैसे यहां लोकतंत्र नाम की कोई चीज ही नहीं बची है। यहां तानाशाही चल रही है। लेकिन हम फिर भी डरने वाले नहीं हैं, चाहे जितने केस दर्ज कर लें, चाहे जेल में डाल दें, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज नहीं होता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

एक अन्य नेता ने कहा, "आज इंडिया ब्लॉक की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी भी साथ हैं। हमारा सिर्फ एक मुद्दा है कि आज देश में वोट को लेकर आम आदमी का विश्वास खत्म होता जा रहा है, इसके लिए भारतीय जनता पार्टी जिम्मेदार है। अगर वोट से ही विश्वास उठ जाएगा तो बताइए लोकतंत्र कहां बचेगा? अगर लोकतंत्र है तभी तो पार्टियां हैं, अगर लोकतंत्र ही नहीं रहेगा तो राजनीतिक पार्टियों का क्या मतलब।"

कांग्रेस नेता ने कहा कि इसलिए आज हम सब एकजुट हुए हैं। ज्ञानेश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी के कहने पर जो वोट की चोरी की है, उसके खिलाफ हम एकजुट होकर बुधवार सुबह 11 बजे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें सभी राजनीतिक दल शामिल होंगे। मैं सभी समान विचारधारा वाले लोगों से अपील करूंगा कि कल 11 बजे एकजुट हों और एक साथ आगे बढ़ें, ताकि इस विरोध प्रदर्शन के जरिए देश-दुनिया को पता चल सके कि बीजेपी ने जो वोट की चोरी की है, उसका उसे खामियाजा भुगतना पड़ेगा। हम देश बचाने निकले हैं, हमारा साथ दो।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it