ब्रिटेन-फ्रांस का यूक्रेन को क्रूज मिसाइल तकनीक देने का ऐलान, रूस ने ब्रिटेन को दी कड़ी चेतावनी
इस बीच रूस और यूक्रेन के बीच ड्रोन हमलों का सिलसिला भी तेज हो गया है। यूक्रेन ने रूस की प्रमुख ऑनलाइन कंपनियों में शामिल ओजोन के कई ठिकानों को ड्रोन से निशाना बनाया। पिछले तीन दिनों में कंपनी के छह ठिकानों पर हमले की खबरों के बाद सोमवार को उसके शेयर में करीब 30 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

कीव। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम की यूक्रेन यात्रा ने तनाव और बढ़ा दिया है। पद संभालने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा पर सोमवार को कीव पहुंचे बर्नहम ने यूक्रेन को लंबी दूरी तक मार करने वाली स्टॉर्म शैडो क्रूज मिसाइल के निर्माण से जुड़ी गोपनीय तकनीक उपलब्ध कराने का संकेत दिया। ब्रिटिश प्रधानमंत्री के इस रुख पर रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए चेतावनी दी है कि ऐसे कदम युद्ध को और भड़काने की कोशिश माने जाएंगे। ब्रिटेन से पहले फ्रांस भी यूक्रेन के साथ सैन्य सहयोग बढ़ाने का संकेत दे चुका है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रविवार को यूक्रेन को स्टॉर्म शैडो की फ्रांसीसी संस्करण स्काल्प क्रूज मिसाइल के निर्माण का लाइसेंस देने की घोषणा की थी। इसके बाद ब्रिटेन की ओर से भी मिसाइल निर्माण की तकनीक साझा करने की संभावना ने रूस की चिंता बढ़ा दी है।
रूस ने दी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी
रूस ने ब्रिटेन के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पश्चिमी देशों की ओर से यूक्रेन की लंबी दूरी की मारक क्षमता बढ़ाने वाले कदम संघर्ष को और खतरनाक बना सकते हैं। रूसी पक्ष ने चेतावनी दी कि इस तरह की गतिविधियों को युद्ध भड़काने के प्रयास के तौर पर देखा जाएगा और ब्रिटेन को इसके संभावित दुष्परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इस बीच रूस और यूक्रेन के बीच ड्रोन हमलों का सिलसिला भी तेज हो गया है। यूक्रेन ने रूस की प्रमुख ऑनलाइन कंपनियों में शामिल ओजोन के कई ठिकानों को ड्रोन से निशाना बनाया। पिछले तीन दिनों में कंपनी के छह ठिकानों पर हमले की खबरों के बाद सोमवार को उसके शेयर में करीब 30 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
ओजोन के कई ठिकानों पर ड्रोन हमला
ओजोन ने बताया कि दागेस्तान स्थित उसके एक हब पर ड्रोन हमले के बाद आग लग गई और वहां का कामकाज प्रभावित हुआ। इस हमले में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। इसके अलावा क्रास्नोडार, अदिगेया और स्टावरोपोल क्षेत्रों में स्थित कंपनी के ठिकानों को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र में हुए एक अन्य यूक्रेनी हमले में दो बच्चों की मौत की भी सूचना है। दूसरी ओर, रूस ने यूक्रेन पर हमले जारी रखते हुए ओडेसा बंदरगाह पर लंगर डाले एक मालवाहक जहाज को निशाना बनाया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि सरकार उन कंपनियों की मदद के लिए जल्द कदम उठाएगी, जो यूक्रेनी हमलों में प्रभावित हुई हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर जेलेंस्की का शांति संदेश
यूक्रेन ने सोमवार को अपना 35वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस अवसर पर ब्रिटिश प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा समेत कई विदेशी नेता कीव पहुंचे। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने विदेशी नेताओं के सामने कहा कि यूक्रेन शांति चाहता है, लेकिन शांति की कीमत अपनी जमीन छोड़कर नहीं चुकाएगा। जेलेंस्की ने यह भी संकेत दिया कि काला सागर में जहाजों पर हमले रोकने के मुद्दे पर रूस के साथ बातचीत की संभावना तलाशी जा सकती है। इसके बाद विदेशी नेताओं ने यूक्रेन की सैन्य और आर्थिक जरूरतों पर चर्चा की।
इंटरसेप्टर मिसाइलों की जल्द खेप का आश्वासन
बैठक में वीडियो लिंक के जरिए शामिल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ यूक्रेन की सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। मैक्रों ने रूस के हवाई हमलों से यूक्रेन की रक्षा मजबूत करने के लिए जल्द इंटरसेप्टर मिसाइलों की खेप भेजने का आश्वासन दिया। इस तरह एक ओर यूक्रेन शांति वार्ता की संभावनाओं के संकेत दे रहा है, वहीं दूसरी ओर ब्रिटेन और फ्रांस जैसे पश्चिमी देशों से उसे मिल रहा सैन्य समर्थन लगातार बढ़ रहा है। इससे रूस और पश्चिम के बीच टकराव का दायरा और गहरा होने की आशंका बनी हुई है।


