Top
Begin typing your search above and press return to search.

ट्रंप प्रशासन ने अभिभावकों की पसंद को द‍िया बढ़ावा, सौंपी बच्‍चों के ल‍िए स्‍कूल चुनने की आजादी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके प्रशासन ने अमेरिका के इतिहास में स्कूल चुनने की आजादी का सबसे बड़ा विस्तार किया है। उनका कहना है कि माता-पिता को यह अधिकार होना चाहिए कि वे अपने बच्चों के लिए ऐसा स्कूल चुन सकें जो उनके मूल्यों और सोच के अनुरूप हो।

ट्रंप प्रशासन ने अभिभावकों की पसंद को द‍िया बढ़ावा, सौंपी बच्‍चों के ल‍िए स्‍कूल चुनने की आजादी
X

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके प्रशासन ने अमेरिका के इतिहास में स्कूल चुनने की आजादी का सबसे बड़ा विस्तार किया है। उनका कहना है कि माता-पिता को यह अधिकार होना चाहिए कि वे अपने बच्चों के लिए ऐसा स्कूल चुन सकें जो उनके मूल्यों और सोच के अनुरूप हो।

व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में आयोजित एक 'बैक-टू-स्कूल' कार्यक्रम में छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा पर नियंत्रण को वॉशिंगटन से हटाकर राज्यों और परिवारों को वापस दे रही है।

उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि हर माता-पिता के पास अपने बच्चे को ऐसे अच्छे स्कूल में भेजने की ताकत हो जो उनके मूल्यों को साझा करता हो।"

ट्रंप ने 'वन बिग, ब्यूटीफुल बिल एक्ट' में शामिल एजुकेशन फ्रीडम टैक्स क्रेडिट का भी जिक्र किया। उन्होंने इस कानून पर चार जुलाई 2025 को हस्ताक्षर किए थे। इस व्यवस्था के तहत उन गैर-लाभकारी संगठनों को दिए गए योगदान पर 1,700 डॉलर तक का संघीय टैक्स क्रेडिट मिलेगा, जो छात्रों को शिक्षा संबंधी छात्रवृत्ति प्रदान करते हैं। इन छात्रवृत्तियों का उपयोग सरकारी, निजी या धार्मिक स्कूलों में पढ़ाई की फीस, किताबों और अन्य जरूरी शैक्षणिक खर्चों के लिए किया जा सकता है।

ट्रंप ने इस योजना को 'स्कूल चुनने की आजादी का अब तक का सबसे बड़ा विस्तार' बताया। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत 529 शिक्षा बचत खातों का दायरा भी बढ़ाया गया है।

अब किंडरगार्टन से 12वीं कक्षा तक के शैक्षणिक खर्चों के लिए सालाना निकासी की सीमा बढ़ाकर 20,000 डॉलर कर दी गई है। साथ ही इन खातों का उपयोग निजी स्कूलों, धार्मिक स्कूलों और होमस्कूलिंग के लिए भी किया जा सकेगा।

ट्रंप ने कहा, "पहली बार परिवार अपने 529 खातों का इस्तेमाल होमस्कूल शिक्षा को समर्थन देने के लिए भी कर सकेंगे।"

अमेरिकी शिक्षा मंत्री लिंडा मैकमोहन ने कहा कि यह टैक्स क्रेडिट पांच करोड़ से अधिक योग्य बच्चों को लाभ पहुंचा सकता है।

उन्होंने कहा क‍ि बच्चे अपने माता-पिता के होते हैं, संघीय सरकार के नहीं। शिक्षा स्वतंत्रता टैक्स क्रेडिट के माध्यम से राष्ट्रपति ट्रंप ने पांच करोड़ से अधिक पात्र बच्चों के लिए शिक्षा की स्वतंत्रता का इतिहास का सबसे बड़ा राष्ट्रीय विस्तार किया है। इससे माता-पिता को अपने बच्चे के लिए सबसे बेहतर शैक्षणिक रास्ता चुनने की अभूतपूर्व आजादी मिलेगी।

मैकमोहन ने बताया कि छह राज्यों को पहली बार 'रिटर्निंग एजुकेशन टू स्टेट' छूट दी गई है, जिससे 10 करोड़ डॉलर से अधिक की राशि संघीय नियंत्रण से मुक्त हुई है। उन्होंने कहा कि 25 राज्य पहले से मौजूद अधिकारों का उपयोग कर हजारों स्कूल जिलों पर लागू संघीय नियमों को कम कर रहे हैं।

मैकमोहन के अनुसार, "वे महत्वपूर्ण फैसले जो पहले वॉशिंगटन डीसी के अधिकारियों के हाथ में होते थे, अब वहां जा रहे हैं जहां उनका होना चाहिए, यानी शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय नेताओं के पास, जो बच्चों को सबसे अच्छी तरह समझते हैं।"

ट्रंप ने इस दौरान पिछली सरकार की शिक्षा नीतियों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने क्रिटिकल रेस थ्योरी और ट्रांसजेंडर मुद्दों से जुड़े कार्यक्रमों को समाप्त कर दिया है और माता-पिता को फिर से शिक्षा से जुड़े फैसलों का मुख्य अधिकार दिया है।

ट्रंप ने कहा क‍ि हम माता-पिता को फिर से जिम्मेदारी दे रहे हैं। उन्हीं के हाथ में फैसले होने चाहिए। उन्होंने कहा क‍ि एजुकेशनल फ्रीडम टैक्स क्रेडिट मेरे बच्चों को उन सेवाओं तक पहुंच दिलाएगा जिनकी उन्हें जीवन के शुरुआती और सबसे महत्वपूर्ण वर्षों में सफल होने के लिए जरूरत है।

ट्रंप लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में संघीय सरकार की भूमिका को कम करने और अधिक अधिकार राज्यों तथा स्थानीय प्रशासन को देने की वकालत करते रहे हैं। उन्होंने सोमवार को कहा कि पिछले वर्ष उनके द्वारा हस्ताक्षरित एक कार्यकारी आदेश के जरिए संघीय शिक्षा विभाग को समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it