SCO समिट की ग्रुप फोटो पर विवाद, पाकिस्तान PMO ने शेयर की एडिटेड तस्वीर; PM मोदी समेत 5 नेताओं को हटाया
विवाद की वजह पाकिस्तान PMO की ओर से शेयर की गई तस्वीर और मूल ग्रुप फोटो के बीच दिखाई देने वाला अंतर है। दावे के मुताबिक, मूल तस्वीर में करीब 12 नेता मंच पर मौजूद थे, जबकि पाकिस्तान की ओर से शेयर किए गए संस्करण में नेताओं की संख्या घटकर सात रह गई।

नई दिल्ली: शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट के दौरान ली गई एक ग्रुप फोटो को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच सोशल मीडिया पर नया विवाद सामने आया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की गई तस्वीर में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं को हटाए जाने का दावा किया जा रहा है। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस तस्वीर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। यह तस्वीर किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित SCO समिट के दौरान ली गई थी। मूल तस्वीर में संगठन के सदस्य देशों के कई शीर्ष नेता एक मंच पर साथ खड़े नजर आते हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी शामिल हैं।
मूल और एडिटेड तस्वीर में क्या अंतर?
विवाद की वजह पाकिस्तान PMO की ओर से शेयर की गई तस्वीर और मूल ग्रुप फोटो के बीच दिखाई देने वाला अंतर है। दावे के मुताबिक, मूल तस्वीर में करीब 12 नेता मंच पर मौजूद थे, जबकि पाकिस्तान की ओर से शेयर किए गए संस्करण में नेताओं की संख्या घटकर सात रह गई। एडिटेड तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा SCO महासचिव नूरलान यरमेकबायेव, बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान और कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम जोमार्ट तोकायेव को भी नहीं दिखाया गया है। इस तरह तस्वीर को इस तरीके से प्रस्तुत किया गया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ फ्रेम के मध्य में दिखाई दे रहे हैं।
Prime Minister Muhammad Shehbaz Sharif in a group photo with heads of States at the SCO Council of Heads of State Summit in Bishkek, Kyrgyzstan on 1 September 2026. pic.twitter.com/3lsruWHaYV
— Prime Minister's Office (@PakPMO) September 1, 2026
पीएम मोदी की तस्वीर हटाने पर उठे सवाल
तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने मूल ग्रुप फोटो के बजाय एडिटेड तस्वीर क्यों साझा की। आलोचकों का कहना है कि फोटो को क्रॉप या एडिट करने से कार्यक्रम में नेताओं की वास्तविक स्थिति और तस्वीर का मूल संदर्भ बदल गया। मूल तस्वीर में अलग-अलग देशों के नेता एक साथ मंच पर खड़े दिखाई देते हैं। उसमें शहबाज शरीफ फ्रेम के एक हिस्से में नजर आते हैं, जबकि एडिटेड तस्वीर में उन्हें बीच में दिखाया गया है। इस बदलाव को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के संदर्भ में भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
From the SCO Summit in Bishkek. pic.twitter.com/GDlPpVkSLR
— Narendra Modi (@narendramodi) September 1, 2026
भारतीय PMO ने शेयर की मूल तस्वीर
इस पूरे विवाद के बीच भारतीय प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी SCO समिट की ग्रुप तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की गई। भारतीय PMO द्वारा साझा की गई तस्वीर में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी नजर आते हैं। यही अंतर दोनों तस्वीरों को लेकर चर्चा का प्रमुख कारण बना है। एक ओर भारतीय पक्ष की ओर से साझा तस्वीर में सभी प्रमुख नेता एक साथ दिखाई दे रहे हैं, वहीं पाकिस्तान PMO की पोस्ट में कम संख्या में नेताओं वाली तस्वीर दिखाई देती है।
शहबाज शरीफ को केंद्र में दिखाने पर चर्चा
पाकिस्तान PMO की ओर से शेयर की गई तस्वीर में शहबाज शरीफ के बीच में दिखाई देने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। सोशल मीडिया यूजर्स ने मूल तस्वीर और पाकिस्तान द्वारा साझा तस्वीर की तुलना करते हुए दावा किया कि फ्रेम को इस तरह बदला गया कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री केंद्र में नजर आएं। ।
SCO मंच पर दिखे थे 12 नेता
मूल ग्रुप फोटो में सदस्य देशों और संगठन से जुड़े कई शीर्ष नेता मंच पर एक साथ दिखाई देते हैं। इसमें भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस, ईरान, कजाकिस्तान और बेलारूस समेत अन्य देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं। मूल तस्वीर और एडिटेड संस्करण के बीच अंतर सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। खासकर भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा संबंधों को देखते हुए तस्वीर में बदलाव को लेकर प्रतिक्रियाएं और तेज हो गई हैं।


