Top
Begin typing your search above and press return to search.

नेतन्याहू की हत्या की अफवाहों पर विराम: कॉफी शॉप से जारी वीडियो में बोले– 'मैं तो कॉफी के लिए मर रहा हूं'

हाल के दिनों में नेतन्याहू सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम दिखाई दिए थे, जिसके बाद उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं।

नेतन्याहू की हत्या की अफवाहों पर विराम: कॉफी शॉप से जारी वीडियो में बोले– मैं तो कॉफी के लिए मर रहा हूं
X
तेल अबीब। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू की हत्या को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही थीं। इन दावों के बीच अब नेतन्याहू ने खुद एक वीडियो जारी कर इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उनके आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से साझा किए गए इस वीडियो में वह एक कॉफी शॉप में आराम से कॉफी पीते और लोगों से बातचीत करते हुए नजर आते हैं। इस वीडियो के जरिए उन्होंने न सिर्फ अपनी कुशलता का संदेश दिया, बल्कि अफवाह फैलाने वालों पर हल्का-फुल्का तंज भी कसा।

कॉफी शॉप से सामने आया वीडियो

वीडियो में नेतन्याहू एक कॉफी शॉप में दिखाई देते हैं। वह कॉफी लेते हुए दुकानदार से “ग्रेट, थैंक्स” कहते हैं और फिर कैमरा पकड़े व्यक्ति से पूछते हैं कि उसने क्या सवाल पूछा था। जब उन्हें बताया जाता है कि कुछ चैनल और सोशल मीडिया अकाउंट यह दावा कर रहे हैं कि उनकी मौत हो चुकी है, तो नेतन्याहू मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में कहते हैं, “मैं तो कॉफी के लिए मर रहा हूं।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसे उन अफवाहों पर व्यंग्य के रूप में देखा जा रहा है, जो पिछले कई दिनों से फैल रही थीं। दरअसल, हाल के दिनों में नेतन्याहू सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम दिखाई दिए थे, जिसके बाद उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने पहले ही बताया था फर्जी खबर

इससे पहले इस्राइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी इन दावों को पूरी तरह फर्जी बताया था। कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही खबरों में कोई सच्चाई नहीं है और प्रधानमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। बयान में यह भी कहा गया था कि इस तरह की अफवाहें मौजूदा तनावपूर्ण माहौल में भ्रम फैलाने की कोशिश हैं। सरकार ने लोगों से अपील की थी कि वे अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और आधिकारिक जानकारी का ही पालन करें।

एआई वीडियो के दावे से शुरू हुआ विवाद

नेतन्याहू की मौत की अफवाहों की शुरुआत उस समय हुई जब उन्होंने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में वह अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया कि यह वीडियो असली नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से बनाया गया है। उनके मुताबिक वीडियो के एक हिस्से में नेतन्याहू के दाहिने हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही थीं, जिसे उन्होंने एआई वीडियो की सामान्य गलती बताया। खास तौर पर वीडियो के 0:35 सेकेंड वाले हिस्से को लेकर यह दावा किया गया कि छोटी उंगली के पास अतिरिक्त हिस्सा दिखाई दे रहा है। इसी आधार पर कुछ लोगों ने यह निष्कर्ष निकाल लिया कि वीडियो फर्जी है और प्रधानमंत्री कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।

कैंडिस ओवेन्स ने भी उठाए सवाल

इस विवाद में अमेरिकी राजनीतिक टिप्पणीकार कैंडिस ओवेन्स का नाम भी सामने आया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए सवाल उठाया था कि “बीबी (नेतन्याहू) कहां हैं?” उन्होंने यह भी पूछा कि अगर प्रधानमंत्री ठीक हैं तो उनके कार्यालय की ओर से एआई वीडियो क्यों जारी किया जा रहा है और व्हाइट हाउस में घबराहट क्यों दिखाई दे रही है। इस पोस्ट के बाद यह मुद्दा और ज्यादा चर्चा में आ गया।

नेतन्याहू ने खुद दिखाई अपनी उंगलियां

इन सभी दावों का जवाब देते हुए नेतन्याहू ने अपने नए वीडियो में अपने दोनों हाथ कैमरे के सामने दिखाए। उन्होंने हंसते हुए कहा कि अगर लोग उंगलियां गिनना चाहते हैं तो गिन सकते हैं। इसके बाद उन्होंने कॉफी का कप उठाया और हिब्रू भाषा में “लेचाइम” कहा, जिसका अर्थ होता है “जिंदगी के नाम।” इस छोटे से इशारे के जरिए उन्होंने यह स्पष्ट करने की कोशिश की कि वह पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं।

नागरिकों के लिए दिया सुरक्षा संदेश

वीडियो में नेतन्याहू ने इस्राइली नागरिकों को सुरक्षा से जुड़ा संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि लोग ताजी हवा के लिए बाहर जा सकते हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षित शेल्टर के पास ही रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा संकट के समय में जिस तरह इस्राइल के लोग एकजुट होकर खड़े हैं, उससे सरकार, सेना और खुफिया एजेंसी मोसाद को काफी ताकत मिल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस्राइल ईरान के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखे हुए है।प्रधानमंत्री के मुताबिक रविवार को भी ईरान के खिलाफ कड़े हमले किए गए हैं। इसके अलावा लेबनान में भी ऑपरेशन चल रहे हैं, हालांकि सुरक्षा कारणों से वह ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकते।

आईआरजीसी की धमकी के बीच आया वीडियो

नेतन्याहू का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब ईरान और इस्राइल के बीच तनाव चरम पर है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने हाल ही में बयान देकर कहा था कि वह नेतन्याहू को ढूंढकर निशाना बनाएंगे। इस बयान के बाद सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई थीं। ऐसे माहौल में प्रधानमंत्री का सार्वजनिक रूप से सामने आना और वीडियो जारी करना कई लोगों के लिए एक संदेश की तरह माना जा रहा है।

पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रहा तनाव

दरअसल, 28 फरवरी से पश्चिम एशिया में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इसी दिन अमेरिका और इस्राइल ने मिलकर ईरान पर बड़े हमले शुरू किए थे। संघर्ष के पहले ही दिन ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के कई तेल निर्यातक देशों को निशाना बनाया। साथ ही उसने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य को भी बंद कर दिया, जिससे वैश्विक तनाव और बढ़ गया। इन घटनाओं के बीच नेतन्याहू की मौत की अफवाहें भी तेजी से फैलने लगीं। हालांकि उनके नए वीडियो ने इन सभी अटकलों पर फिलहाल विराम लगा दिया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it