मोजतबा खामेनेई का पहली बार वीडियो आया सामने, स्वस्थ दिखे ईरान के सुप्रीम लीडर; फिर भी उठ रहे सवाल
पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा खामेनेई ने मार्च में ईरान के सुप्रीम लीडर का पद संभाला था। इसके बाद से वह सार्वजनिक रूप से बेहद कम नजर आए हैं। अब सामने आया यह वीडियो उनके पद संभालने के बाद पहली बार उनके सार्वजनिक दृश्य सामने आने के तौर पर देखा जा रहा है।

तेहरान: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों के बीच उनका एक वीडियो सामने आया है। ईरान की अर्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी ने यह वीडियो जारी किया है। वीडियो में मोजतबा खामेनेई लोगों के एक समूह को धार्मिक शिक्षा देते हुए दिखाई दे रहे हैं और देखने में स्वस्थ नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है। यही वजह है कि उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर तस्वीर अब भी पूरी तरह साफ नहीं हुई है।
पहली बार सार्वजनिक हुआ मोजतबा का वीडियो
अमेरिका और इजरायल के साथ युद्ध की शुरुआत में उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा खामेनेई ने मार्च में ईरान के सुप्रीम लीडर का पद संभाला था। इसके बाद से वह सार्वजनिक रूप से बेहद कम नजर आए हैं। अब सामने आया यह वीडियो उनके पद संभालने के बाद पहली बार उनके सार्वजनिक दृश्य सामने आने के तौर पर देखा जा रहा है। वीडियो में मोजतबा के शरीर या चेहरे पर किसी तरह की स्पष्ट चोट नजर नहीं आ रही है। ऐसे में इसे उनकी सेहत को लेकर सामने आ रही खबरों का जवाब माना जा रहा है।
मेहर न्यूज ने जारी किया वीडियो, लेकिन तारीख नहीं बताई
मेहर न्यूज एजेंसी ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी है और इसे सरकार का समर्थन हासिल है। एजेंसी का संचालन इस्लामिक डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन से जुड़ा है और इसे ईरान के सुप्रीम लीडर के करीबी संस्थानों में माना जाता है। हालांकि, मोजतबा का वीडियो सामने आने के बावजूद ईरान के दूसरे सरकारी और प्रमुख मीडिया संस्थानों पर इसे बड़े स्तर पर प्रसारित नहीं किया गया है। वीडियो की रिकॉर्डिंग की तारीख और स्थान की जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि यह हाल का वीडियो है या युद्ध शुरू होने से पहले का।
गंभीर बीमारी और अस्पताल में भर्ती होने की खबरें
मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर पिछले कुछ दिनों से कई तरह के दावे सामने आए थे। इजरायली चैनल 14 ने सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि उनकी हालत गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट में उनकी हालत और बिगड़ने की आशंका तक जताई गई थी। दूसरी ओर, सऊदी मीडिया अल-हदथ ने एक इजरायली सुरक्षा सूत्र के हवाले से दावा किया था कि मोजतबा उस समय ईरान में मौजूद नहीं थे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि मोजतबा के नाम से जारी किए जा रहे सरकारी संदेशों को IRGC के प्रमुख अहमद वाहिदी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तैयार कर रहे थे।
पिता की मौत के बाद भी सार्वजनिक नहीं हुए थे
ईरानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा ने कथित तौर पर किसी मंत्री से सार्वजनिक मुलाकात नहीं की थी। उनके पिता के अंतिम संस्कार में भी उनकी मौजूदगी को लेकर सवाल उठे थे। राष्ट्रपति मसूद पजशकियान भी कथित तौर पर कह चुके हैं कि मोजतबा से सीधे संपर्क करना मुश्किल है।
चोटों को लेकर भी उठे सवाल
मोजतबा खामेनेई के सुप्रीम लीडर चुने जाने के समय ऐसी रिपोर्टें सामने आई थीं कि अमेरिका और इजरायल के हमलों के शुरुआती दौर में उन्हें चोट लगी थी। कुछ रिपोर्टों में उनके पैर में फ्रैक्चर और चेहरे पर चोट का दावा किया गया था। लेकिन अब सामने आए वीडियो में ऐसी कोई चोट स्पष्ट दिखाई नहीं देती। यही वजह है कि वीडियो ने उनकी सेहत से जुड़े सवालों को खत्म करने के बजाय एक नया सवाल खड़ा कर दिया है—क्या यह वीडियो हाल का है या युद्ध शुरू होने से पहले रिकॉर्ड किया गया था? जब तक वीडियो की तारीख और वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि नहीं होती, तब तक मोजतबा खामेनेई की वास्तविक स्थिति को लेकर चल रही अटकलों पर पूरी तरह विराम लगना मुश्किल है।


