अपात्र को आवास,सचिव से होगी राशि की वसूली
जिले के जनपद पंचायत जैजैपुर के अंतर्गत आयुर्वेद ग्राम पंचायत किकिरदा में पिछले 6 माह पहले प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में दूसरे व्यक्ति को लाभान्वित करते हुये पात्र हितग्राही को वंचित किये

पीएम आवास में पात्र की जगह अपात्र को दिया गया था लाभ
जैजैपुर ब्लाक के किकिरदा पंचायत का मामला
जांजगीर। जिले के जनपद पंचायत जैजैपुर के अंतर्गत आयुर्वेद ग्राम पंचायत किकिरदा में पिछले 6 माह पहले प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में दूसरे व्यक्ति को लाभान्वित करते हुये पात्र हितग्राही को वंचित किये जाने के मामले में हुई जांच के बाद जिला पंचायत सीईओ ने जैजैपुर जनपद कार्यालय को आदेश जारी करते हुये ग्राम पंचायत किकिरदा के सचिव से राशि की वसूली किये जाने कहा है।
गौरतलब है कि जैजैपुर ब्लाक के अंतर्गत आयुर्वेद ग्राम पंचायत किकिरदा में 6 माह पहले पंचायत सचिव सीताराम कर्ष एवं सरपंच चंद्रशेखर क्षत्रिय ने मिलकर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत मनीराम मनहर पिता पुनीत राम माता फूलबाई के नाम के आवास को उसके हम नाम मनीराम खूंटे पिता महेत्तर माता बहरतिन बाई से सांठगांठ कर धोखाधड़ी एवं कूटरचना, फर्जी दस्तावेज बनाकर पात्र व्यक्ति को अपात्र कर, अपात्र व्यक्ति को आबंटित किया गया। गलत तरीके से मनमानी पूर्वक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ दिया गया । उसके बाद तीन किस्त में पूरी राशि आहरण कर ली गई और मकान भी निर्माण किया जा चुका था। मनीराम मनहर पिता पुनीत राम का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के सर्वे सूची सन 2011 में और चयन सूची में भी नाम है। लेकिन मनीराम खुंटे पिता महेत्तर का नाम सर्वे सूची में है ही नहीं। जब इस बात की जानकारी मनीराम मनहर को हुआ तो उन्होंने सबसे पहले इसकी शिकायत पंचायत सचिव एवं सरपंच से किया तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिए। जिसकी शिकायत जनपद सीईओ जैजैपुर , एसडीएम सक्ती,जिला पंचायत सीईओ जांजगीर, जिला कलेक्टर जांजगीर के अलावा मुख्यमंत्री के जनदर्शन में और आदि कई स्थानों में किया गया था। इस मामले में हुई जांच के बाद जिला पंचायत के सीईओ अजीत बसंत ने जनपद कार्यालय जैजैपुर को पत्र लिखकर पंचायत सचिव सीताराम कर्ष के खिलाफ वसूली आदेश जारी किया है। मनीराम खूंटे पिता महेत्तर से एक लाख बीस हजार रुपये नहीं वसूलने पर पंचायत सचिव सीताराम कर्ष को बर्खास्त करने की चेतावनी दिया गया है ।
किकिरदा में हुई गड़बड़ी पर जनपद को दिया गया आदेश-सीईओ
इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत ने बताया कि ग्राम किकिरदा में प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्र व्यक्ति को लाभ दिये जाने का मामला सामने आया है। इसकी जांच पर शिकायत सही पाये जाने के चलते रिकव्हरी के लिए जनपद पंचायत जैजैपुर को पत्र लिखा गया है।


