Top
Begin typing your search above and press return to search.

स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और गांधी जयंती पर खादी निर्मित वस्त्र पहने: मुर्मू

झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस एवं गांधी जयंती के मौके पर लोगों से खादी निर्मित वस्त्रों को पहनने का अनुरोध किया

स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और गांधी जयंती पर खादी निर्मित वस्त्र पहने: मुर्मू
X

रांची। झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस एवं गांधी जयंती के मौके पर लोगों से खादी निर्मित वस्त्रों को पहनने का अनुरोध करते हुए आज कहा कि ऐसा करने से एक ओर जहां गरीबों का भला होगा वहीं दूसरी तरफ लोगों को अपने घर के बने कपड़े पहनने का आनंद मिलेगा।

मुर्मू ने गांधी जयंती के मौके पर मोरहाबादी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “ स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस एवं गांधी जयंती के दिन हर कोई खादी के वस्त्र पहनें। इससे गरीबों का भला होगा और लोगों को अपने घर के बने कपड़े पहनने का आनंद मिलेगा।

यह बापू के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।” इस अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पूज्य बापू को ‘महात्मा’ की उपाधि देश के प्रति समर्पण, निष्ठा एवं सत्यावदिता के कारण मिली है। राज्य की वर्तमान सरकार राष्ट्रपिता के बताये रास्ते पर चल रही है जो स्वावलंबन, स्वभाषा, स्वशासन और सुशासन को बढ़ावा देने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को वनोपज से उत्पाद तैयार करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रकृति की गोद में बसे झारखंड में देश का 62 प्रतिशत लाह एवं 82 प्रतिशत तसर होता है। इनके विकास के लिए राज्य में लाह एवं तसर के लिए बोर्ड का गठन किया गया है। लाह के उत्पाद दुनिया के चार देशों में निर्यात किये जाते हैं।

झारखंड सरकार यहां की उद्यमशील महिलाओं को प्रशिक्षित कर उनके द्वारा तैयार उत्पादों को देश-दुनिया के बाजारों में बेचेगी। इसी प्रकार सिल्क के उत्पादों में भी झारखंड देश में अग्रणी बन सकता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it