Top
Begin typing your search above and press return to search.

ठंडी हवाओं और बारिश ने बढ़ाई शिमला की रौनक, सैलानियों के चेहरे पर दिखी खुशी

हिमाचल प्रदेश में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। तेज बारिश और ठंडी हवाओं ने तापमान में भारी गिरावट ला दी है

ठंडी हवाओं और बारिश ने बढ़ाई शिमला की रौनक, सैलानियों के चेहरे पर दिखी खुशी
X

शिमला। हिमाचल प्रदेश में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। तेज बारिश और ठंडी हवाओं ने तापमान में भारी गिरावट ला दी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इस समय यहां का मौसम बिल्कुल ठंडा और सुहावना हो गया है, जिससे स्थानीय लोग ही नहीं बल्कि बाहर से आए सैलानी भी काफी खुश नजर आ रहे हैं।

एक पर्यटक ने कहा, "यहां का मौसम बहुत ही अच्छा लग रहा है। यहां आकर ऐसा लग रहा है जैसे किसी ठंडी वादियों में आ गए हों। बारिश हो रही है और बहुत मजा आ रहा है। हम पूरा दिन घूम रहे हैं और मौसम को एंजॉय कर रहे हैं। जाने का मन ही नहीं कर रहा।"

एक अन्य टूरिस्ट ने बताया कि वह परिवार के साथ यहां घूमने आए हैं और पिछले कई दिनों से यहां ठहरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पहले दो दिन हल्की ठंड थी, लेकिन पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे मौसम और भी ज्यादा सुहावना हो गया है। उन्होंने कहा, "हमने ऐसे मौसम की उम्मीद नहीं की थी, लेकिन यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। बारिश में घूमना, चाय पीना और ठंडी हवा का मजा लेना बहुत अच्छा अनुभव है।"

एक पर्यटक ने यह भी बताया कि वे हर साल बारिश के मौसम में शिमला आना पसंद करते हैं, क्योंकि इस समय यहां की हरियाली और ठंडक अपने चरम पर होती है। उनके अनुसार यह जगह मानसून में और भी खूबसूरत हो जाती है और इसलिए वे बार-बार यहां आते हैं।

हालांकि इस बारिश के साथ कुछ चिंताएं भी सामने आई हैं। स्थानीय लोगों और एक पर्यवेक्षक के अनुसार कई इलाकों में ओलावृष्टि (हेलस्टॉर्म) भी हुई है, जिससे सेब और अन्य बागवानी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। शिमला और आसपास के क्षेत्रों में बागवानी एक महत्वपूर्ण आजीविका का साधन है, इसलिए ओलावृष्टि किसानों के लिए चिंता का विषय बन जाती है।

एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, "बारिश से जहां एक तरफ गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ कुछ जगहों पर ओले गिरने से नुकसान भी हुआ है। किसानों और बागवानों की फसलों पर इसका असर पड़ सकता है।"


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it