Top
Begin typing your search above and press return to search.

हिमाचल में पंचायत चुनावों में 70,224 उम्मीदवार आजमाएंगे भाग्य, 51 शहरी स्थानीय निकायों में मतदान 17 मई को

हिमाचल में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेशभर में कुल 70,224 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं

हिमाचल में पंचायत चुनावों में 70,224 उम्मीदवार आजमाएंगे भाग्य, 51 शहरी स्थानीय निकायों में मतदान 17 मई को
X

शिमला। हिमाचल में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेशभर में कुल 70,224 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। वहीं, राज्य के 51 शहरी स्थानीय निकायों में 17 मई को मतदान कराया जाएगा। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से दी गई है।

चुनाव आयोग के अनुसार, पंचायत चुनावों की प्रक्रिया 29 अप्रैल को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हुई थी। उम्मीदवारों ने 7, 8 और 11 मई को नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि 12 और 13 मई को उनकी जांच की गई। 15 मई को नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी हुई।

प्रदेश में पंचायती राज चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को करवाए जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक बैलेट पेपर और बैलेट बॉक्स के जरिए होगा।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, इस बार पंचायत चुनावों के लिए कुल 86,725 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। जांच के दौरान 793 नामांकन रद्द किए गए, जबकि 15,708 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए। इसके बाद अब 70,224 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं।

जिलावार आंकड़ों में कांगड़ा सबसे आगे है, जहां 17,643 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। मंडी में 11,728 प्रत्याशी मैदान में हैं। चंबा में 7,315 और शिमला में 6,118 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।

इसके अलावा हमीरपुर में 4,849, ऊना में 4,755, बिलासपुर में 4,145, सोलन में 4,195 और कुल्लू में 4,098 उम्मीदवार मैदान में हैं। सिरमौर में 3,919 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि जनजातीय जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति में क्रमशः 1,034 और 425 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

आयोग ने बताया कि पंचायत चुनावों के लिए जिला स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

इधर, प्रदेश के 51 शहरी स्थानीय निकायों में रविवार को मतदान होगा। इनमें 4 नगर निगम और 47 नगर परिषद व नगर पंचायतें शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों तक पहुंच चुकी हैं और चुनावी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शहरी निकाय चुनावों में शुरुआत में 449 वार्डों में मतदान प्रस्तावित था, लेकिन कुछ वार्डों में उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने और कुछ सीटों के खाली रहने के कारण सभी वार्डों में मतदान नहीं होगा।

आयोग के अनुसार 10 वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर-7 में कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ, जबकि मंडी नगर निगम के वार्ड नंबर-14 में सभी उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने के बाद सीट रिक्त रह गई है।

निर्वाचन आयोग ने मतदाता जागरूकता और चुनाव संबंधी सूचनाओं के प्रसार के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, आकाशवाणी और दूरदर्शन को भी निर्देश जारी किए हैं।

प्रदेश में होने वाले शहरी निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों और स्थानीय समूहों ने जमीनी स्तर पर प्रचार अभियान तेज कर दिया है, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it