Top
Begin typing your search above and press return to search.

सोलन में 108 एम्बुलेंस कर्मचारी गिरफ्तार, महिला से बदसलूकी का आरोप

हिमाचल प्रदेश के सोलन में 108 एम्बुलेंस सेवा के एक कर्मचारी द्वारा महिला के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है

सोलन में 108 एम्बुलेंस कर्मचारी गिरफ्तार, महिला से बदसलूकी का आरोप
X

सफर के दौरान छेड़छाड़, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई

  • अस्पताल में भी किया गलत व्यवहार, आरोपी EMT शिमला से दबोचा गया

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन में 108 एम्बुलेंस सेवा के एक कर्मचारी द्वारा महिला के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

सोलन के पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने बताया कि महिला पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में पीड़िता ने कहा कि उसने 108 सेवा के जरिये एम्बुलेंस बुक की थी। जब एम्बुलेंस पहुंची तो ड्राइवर ने उसे फोन किया और पूछा कि क्या वह अकेली सफर कर रही है। उसने ड्राइवर को बताया कि उसकी भाभी भी उसके साथ है। इसके बाद वह अपने बेटे और भाभी के साथ एम्बुलेंस में बैठ गयी।

महिला का आरोप है कि सफर के दौरान एम्बुलेंस कर्मचारी दिव्यांश ने उसकी भाभी के साथ छेड़छाड़ की। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ भी बदतमीजी की।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब पीड़िता ने अपने पति को इस घटना की सूचना दी तो अस्पताल पहुंचने पर आरोपी ने उसके पति के साथ भी गलत व्यवहार किया और वहां से फरार हो गया।

मामले की तफ्तीश के दौरान सोलन महिला पुलिस थाना की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी दिव्यांश (27 वर्ष) को शिमला से हिरासत में ले लिया।

आरोपी मंडी जिले की बल्ह तहसील के बटेहड़दा गांव का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है।

श्री वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी पिछले छह महीनों से 108 एम्बुलेंस में ईएमटी फार्मासिस्ट के तौर पर तैनात है और सात मार्च की रात 8:00 बजे से 8 मार्च की सुबह 8:00 बजे तक ड्यूटी पर था। आरोपी के पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it