एचआईएल : मुंबई से ड्रॉ खेल उप्र विजार्ड्स सेमीफाइनल में
लखनऊ ! उत्तर प्रदेश विजार्ड्स ने हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पांचवें संस्करण में बुधवार को दंबग मुंबई के साथ 4-4 से मैच ड्रॉ कर लीग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

लखनऊ ! उत्तर प्रदेश विजार्ड्स ने हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पांचवें संस्करण में बुधवार को दंबग मुंबई के साथ 4-4 से मैच ड्रॉ कर लीग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
इस ड्रॉ के बाद विजार्ड्स की टीम ने लीग दौर का अंत अंकतालिका में तीसरी टीम के रूप में किया है।
मुंबई, कलिंगा लांसर्स, दिल्ली वेबराइर्डस पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी हैं।
रांची रेज की टीम के भी दिल्ली के समान 23 अंक हैं लेकिन गोल अंतर के मामले में दिल्ली आगे है और इसी कारण उसे सेमीफाइनल का टिकट मिला।
अंतिम लीग मैच मुंबई के लिए ज्यादा अहम नहीं था लेकिन विजार्ड्स के लिए यह मैच मायने रखता था। अगर विजार्ड्स की टीम 10 गोल के अंतर से यह मैच हारती तो उसकी जगह रांची को सेमीफाइनल में प्रवेश मिल जाता। हालांकि ऐसा होने की उम्मीद बहुत कम थी।
दोनों टीमों ने आक्रामक हॉकी खेली और इसी कारण उनकी रक्षापंक्ति कमजोर पड़ गई।
मैच के पहले 20 मिनट में दोनों टीमों ने दो-दो फील्ड गोल मार दिए थे।
अजय यादव ने 12वें मिनट में गोल कर मेजबानों को 2-0 से आगे कर दिया।
गौरतलब है कि एचआईएल में एक फील्ड गोल को दो गोल माना जाता है।
मुंबई ने भी एक मिनट बाद ही बराबरी कर ली। मनप्रीत सिंह के बेसलाइन क्रॉस पास को गुरजंत सिंह ने गोलपोस्ट में डाला।
विजार्ड्स की टीम ने 17वें मिनट में एक बार फिर बढ़त हासिल कर ली थी। रमनदीप सिंह ने दाईं ओर से बैकहैंड मारते हुए विपक्षी टीम के गोलकीपर डेविड हार्टे को छकाते हुए अपनी टीम को आगे कर दिया।
दो मिनट बाद ही मुंबई ने बराबरी का गोल दागा। फ्लोरिन फुच के पास को रोबर्ट कैम्परमैन ने बेसलाइन से मनप्रीत के पास पहुंचाया जिन्होंने आसानी से उसे नेट में डाला।
शुरुआती ड्रामे के बाद भी मैच में रोमांच बाकी था। हालांकि खिलाड़ियों पर थकान साफ दिख रही थी।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने रक्षात्मक खेल खेला। इसी बीच आकाशदीप ने विजार्ड्स को बढ़त दिलाने की कोशिश की लेकिन मुंबई के गोलकीपर हार्टे ने उन्हें रोक दिया।
अंतिम मिनटों में गोंजालो पेईलाट ने दो मौके बनाए लेकिन वह गोल करने में सफल नहीं हो पाए।


