80 साल की उम्र में सुन रहा गालियां : मालिक 'बाबा का ढाबा'
सोशल मीडिया से लोकप्रिय हुए 'बाबा का ढाबा' लगातार चर्चाओं में बना हुआ है

नई दिल्ली। सोशल मीडिया से लोकप्रिय हुए 'बाबा का ढाबा' लगातार चर्चाओं में बना हुआ है। 'बाबा का ढाबा' के मालिक कांता प्रसाद, उनके वकील और उनके मैनेजर द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिसका मूल उद्देश्य सोशल मीडिया पर चल रही तमाम अफवाहों पर सही तथ्यों की जानकरी देना था। हालांकि इस प्रेस वार्ता में बाबा की तरफ से युट्यूबर गौरव वासन पर पैसे की हेरा फेरी करने के आरोप बरकरार रहे। वहीं बुजुर्ग बाबा ने कहा कि 80 साल की उम्र में मुझे गालियां दी जा रही हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उनके वकील ने कहा कि, "लोग बाबा के साथ गाली गलौज कर रहे हैं। मैसेज पर भी गालियां लिख कर भेजी जा रही हैं। क्योंकि लोगों को ऐसा लग रहा है कि बाबा को जब पैसा मिल गया तो क्यों नहीं बोल देते।"
बाबा के वकील प्रेम जोशी ने प्रेस वार्ता में तमाम दस्तावेज दिखाते हुए आरोप लगाया कि, "बाबा को हिसाब नहीं दिया गया, यह केवल मिस कम्युनिकेशन है, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। वहीं गौरव ने कई लोगों को बताया कि 20 लाख बाबा के बैंक अकाउंट में आये हैं। गौरव को कैसे पता 20 लाख रुपये आये हैं। अगर 20 लाख आये है तो वो पैसे कहा हैं?"
"इनको पता ही नहीं कि मेरे पास कितना पैसा है। क्योंकि पैसा बताया कुछ और जा रहा है और दिखाया कुछ और जा रहा है। अगर गौरव को लगता है उनसे गलती हुई है तो बाबा से आकर बात करें, मामले को सुलझाया जा सकता है।"
हालांकि बाबा का ढाबा मालिक कांता प्रसाद ने कहा कि, "मैं यहां तक आप लोगों की वजह से पहुंचा हूं। मैं बहुत गरीब आदमी हूं। कोई कह रहा है कि 'बाबा लालची' है, कोई गाली दे रहा है। कोई कहता है मैनेजर रख लिए। 80 साल की उम्र में गाली सुन रहा हूं। आज भी खुद मैं सुबह 6 बजे उठ कर दुकान चलाता हूं, मुझे कोई लालच नहीं है।"
यूट्यूबर गौरव वासन वही शख्स हैं जिनके द्वारा बाबा का वीडियो बनाया गया था, जिसके बाद वो वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई। देशभर से लोगों द्वारा बाबा को आर्थिक मदद पहुंचाई गई। बाबा का आरोप है की यूट्यूबर गौरव वासन ने बाबा का ढाबा की मदद करने के लिए लोगों से अपने, अपनी पत्नी और अपने रिश्तेदारों के बैंक एकाउंट में पैसे मंगवाए डोनेशन के पैसे बाबा का ढाबा के मालिक कांता प्रसाद को नहीं दिए। हालांकि गौरव वासन इन सभी आरोपों को गलत बात रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और गौरव वासन से बैंक सम्बंधित सभी दस्तावेज ले लिए गए हैं।


