ड्यूटी निभाते समय जिंदगी की जंग हार गए हेड कांस्टेबल राजपाल सिंह
नालेज पार्क कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल राजपाल सिंह ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में जिंदगी की जंग हार गए। बुधवार रात जीरो प्वाइंट पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी
जीरो प्वाइंट पर सड़क पार करते समय कार ने मारी टक्कर, उपचार के दौरान मौत
- पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कार कब्जे में ली
ग्रेटर नोएडा। नालेज पार्क कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल राजपाल सिंह ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में जिंदगी की जंग हार गए। बुधवार रात जीरो प्वाइंट पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राजपाल सिंह को पुलिसकर्मी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
मूलरूप से मुजफ्फरनगर के दतियाना गांव निवासी राजपाल सिंह पिछले करीब तीन वर्षों से नालेज पार्क कोतवाली में तैनात थे। बुधवार रात उनकी ड्यूटी जीरो प्वाइंट पर लगाई गई थी। रात करीब 10 बजे वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेस-वे की तरफ से तेज रफ्तार में आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पीआरवी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायल राजपाल सिंह को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अधिक खून बहने के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी स्वजन को दी।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर कार चालक को हिरासत में लिया गया है। कार को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




