Top
Begin typing your search above and press return to search.

'हमारे पूरे परिवार की मेहनत सफल हो गई', मनप्रीत कौर के ब्रॉन्ज मेडल जीतने से गदगद सास-ससुर

एशियन गेम्स 2026 में मनप्रीत कौर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शॉट पुट में देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। उन्होंने 17.17 मीटर दूर गोला फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया।

हमारे पूरे परिवार की मेहनत सफल हो गई, मनप्रीत कौर के ब्रॉन्ज मेडल जीतने से गदगद सास-ससुर
X

अंबाला। एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार को मनप्रीत कौर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शॉट पुट में देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। उन्होंने 17.17 मीटर दूर गोला फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया।

मनप्रीत के ब्रॉन्ज जीतने पर उनके सास-ससुर ने खुशी जताई है। मनप्रीत की सास ने कहा, "हम अपनी बहु के लिए बहुत खुश हैं। हमें खुशी है कि वह देश के लिए कुछ करके और मेडल लेकर आई है। हमें अपनी बहु पर मान है। हम गुरद्वारा जाकर माथा टेकेंगे और खुशियां मनाएंगे। आसपास मिठाईयां बाटेंगे, क्योंकि हमें बहुत खुशी है। मनप्रीत ने यहां रहकर ही सारी तैयारी की। उन्हें बाद में नौकरी के लिए पटियाला जाना पड़ा। उनका सफर काफी अच्छा रहा है और मनप्रीत ने कई मेडल जीते हैं और वह कई जगह गई हैं। वह आगे भी ऐसे ही अच्छा प्रदर्शन करती रहें। भगवान उनको खूब तरक्की दें।"

मनप्रीत के ससुर ने कहा, "हमें बहुत खुशी है। हमारी बहु ने काफी मेहनत की है। यह उनकी वर्षों की मेहनत का नतीजा है। वह नौकरी करने के साथ-साथ खूब प्रैक्टिस किया करती थी। हमारे बेटे ने भी बहु का बहुत साथ दिया है। अपनी बेटी होने के बावजूद मनप्रीत पूरे दिन प्रैक्टिस में लगी रहती थीं। हमारे बेटे ने भी मनप्रीत का कंधे से कंधा मिलाकर पूरा साथ दिया है। हमारी बहु जब आएगी, तो हम उसके साथ खूब एन्जॉय करेंगे। मिठाई बाटेंगे और गुरुदारा जाकर अरदास करेंगे। मेरी बस यही दुआ है कि वह आगे भी ऐसा ही प्रदर्शन करती रहे। हमारे पूरे परिवार की मेहनत सफल हो गई है।"

मनप्रीत एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पूर्व ब्रॉन्ज मेडलिस्ट हैं। उन्होंने एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में 17.00 मीटर के थ्रो के साथ तीसरा स्थान हासिल किया था। वह हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का हिस्सा थीं, जहां वह बहुत कम अंतर से मेडल से चूक गईं और 17.49 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रही थीं। उन्होंने 2016 ओलंपिक गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था और वह 23वें स्थान पर रही थीं।

मनप्रीत ने एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2017 में गोल्ड मेडल जीता था। हालाकि, प्रतिबंधित पदार्थों के लिए टेस्ट पॉजिटिव आने के कारण उन पर चार साल का प्रतिबंध लगा दिया गया और उनसे उनका गोल्ड मेडल भी वापस ले लिया गया। उन्होंने 2022 में वापसी की और 18.06 मीटर तक गोला फेंककर नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा। मनप्रीत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में हिस्सा लिया और 11वें स्थान पर रहीं। वहीं, पिछले एशियन गेम्स में वह पांचवें स्थान पर रही थीं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it