गुरुग्राम में अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों पर 23.08 लाख रुपये का जुर्माना
हरियाणा में गुरुग्राम यातायात पुलिस ने शहर में गलत और अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक से 17 अगस्त के बीच 2,595 चालान जारी किए और 23 लाख आठ हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया

पंचकूला। हरियाणा में गुरुग्राम यातायात पुलिस ने शहर में गलत और अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक से 17 अगस्त के बीच 2,595 चालान जारी किए और 23 लाख आठ हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और जाममुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से गलत पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। एनआईसी सर्वर के अनुसार अभियान के दौरान कुल 2,595 चालान किए गए।
प्रवक्ता ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस उन स्थानों की लगातार पहचान कर रही है जहां गलत तरीके से वाहन खड़े करने के कारण यातायात प्रभावित होता है। ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
प्रवक्ता ने आम लोगों से अपील की कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क किनारे, मुख्य मार्गों, चौराहों और प्रतिबंधित पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने से बचें। गलत पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को भी परेशानी होती है।
गुरुग्राम यातायात पुलिस गलत पार्किंग के खिलाफ आगे भी विशेष अभियान जारी रखेगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


