पत्रकार क्लब अध्यक्ष ईश्वर धामु की मांग- रोहतक डीपीआरओ का निलम्बन रद्द हो
हरियाणा के भिवानी स्थित पत्रकार क्लब के अध्यक्ष ईश्वर धामु ने रोहतक के जिला सूचना एवं लोक सम्पर्क अधिकारी संजीव सैनी का निलम्बन रद्द करने की मांग की है

‘साउंड सिस्टम खराबी तकनीकी कारण, डीपीआरओ जिम्मेदार नहीं’: धामु का बयान
- लोक सम्पर्क विभाग पर पक्षपात का आरोप, चंडीगढ़ कर्मचारियों को बचाने का दावा
- पत्रकार क्लब ने की निंदा, कहा- ‘डीपीआरओ को बली का बकरा बनाया गया’
- मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा ज्ञापन, निलम्बन रद्द करने की अपील
भिवानी। हरियाणा के भिवानी स्थित पत्रकार क्लब के अध्यक्ष ईश्वर धामु ने रोहतक के जिला सूचना एवं लोक सम्पर्क अधिकारी संजीव सैनी का निलम्बन रद्द करने की मांग की है।
श्री धामु ने शुक्रवार को कहा कि चलते कार्यक्रम में साउंड सिस्टम का अचानक खराब हो जाने में व्यवस्था का कोई दखल नहीं होता। अचानक खराबी आना तकनीकी कारण होता है। इस बारे में हर कोई जानता है कि किसी डीपीआरओ के कहने से साउंड सिस्टम खराब नहीं होता। इसके लिए तकनीशियन जिम्मेदार होते हैं। डीपीआरओ की जिम्मेदारी केवल व्यवस्था संभालने की होती है, जबकि मुख्यमंत्री की रैली में साउंड सिस्टम और तकनीशियन विभागीय अधिकारी के साथ तकनीकी कर्मचारी चंडीगढ़ से आते हैं। इस व्यवस्था में डीपीआरओ का काम केवल व्यवस्था संभालने तक सीमित होता है। तो ऐसे में केवल डीपीआरओ को जिम्मेदार ठहराना न्यायपूर्ण नहीं है।
श्री धामु ने कहा कि लोक सम्पर्क विभाग के अधिकारी अपने उच्चाधिकारियों को गुमराह करते हैं। वे चंडीगढ़ के कर्मचारियों को बचाने के लिए जिला स्तर पर बैठे डीपीआरओ को बली का बकरा बना देते हैं। पत्रकाल क्लब लोक सम्पर्क विभाग के उच्चाधिकारियों केे पक्षपात पूर्ण रवैए की कड़े शब्दों में निंदा करता है और रोहतक के डीपीआरओ सैनी के निलम्बन को रद्द करने की मांग करता है। क्लब की ओर से मुख्यमंत्री को इस संदर्भ में एक ज्ञापन भी भेजेगा।


