Gurugram Spa Raid: गुरुग्राम के सफायर माल में देह व्यापार का भंडाफोड़, 18 स्पा सेंटरों पर छापा
छापेमारी के दौरान करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष मौके पर मौजूद मिले। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस महिलाओं से यह भी जानकारी जुटा रही है कि वे इन सेंटरों में किन परिस्थितियों में काम कर रही थीं।

गुरुग्राम : सेक्टर-90 स्थित सफायर-90 मॉल में शुक्रवार रात हरियाणा राज्य महिला आयोग और गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया। मॉल में संचालित 18 स्पा सेंटरों पर करीब छह घंटे तक चली छापेमारी में पुलिस ने 50 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, आठ स्पा सेंटरों में प्रथमदृष्टया अवैध गतिविधियों से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं। कार्रवाई के दौरान कुछ स्पा सेंटर संचालकों ने पुलिस से बचने के लिए बाहर से ताले लगा दिए, जबकि कुछ ने खुद को अंदर बंद कर लिया। हालात ऐसे बने कि पुलिस को ताले खोलने के लिए ग्राइंडर का इस्तेमाल करना पड़ा।
शिकायत के बाद महिला आयोग ने शुरू की कार्रवाई
मामले की शुरुआत करीब दस दिन पहले हुई, जब सफायर-90 मॉल के स्थानीय दुकानदारों ने हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शी से स्पा सेंटरों में कथित देह व्यापार की शिकायत की। आयोग ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार की रात कार्रवाई के दौरान महिला आयोग की चेयरपर्सन खुद मौके पर मौजूद रहीं। पुलिस और आयोग की टीम ने रात करीब 10 बजे अभियान शुरू किया, जो सुबह लगभग तीन बजे तक चला। अभियान की कमान एसीपी मुख्यालय अभिलक्ष जोशी ने संभाली। पूरे मॉल को घेरने के लिए करीब 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इनमें लगभग 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर शामिल थे। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहे।
ताले बंद कर अंदर छिपने की कोशिश
पुलिस टीम के मॉल पहुंचते ही कई स्पा सेंटरों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक, कुछ संचालकों ने सेंटर के बाहर से ताला लगा दिया, जबकि कुछ जगहों पर लोगों ने अंदर से खुद को बंद कर लिया। कुछ सेंटरों की बिजली भी काट दी गई। इसके बाद पुलिस को ग्राइंडर की मदद से सेंटरों के ताले काटने पड़े। जांच के दौरान छोटे-छोटे केबिन में बने स्पा सेंटरों की स्थिति भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, कई कमरों में पर्याप्त वेंटिलेशन तक नहीं था। कुछ स्थानों पर मौजूद लोगों ने पुलिस से बचने के लिए बेड के अंदर छिपने की कोशिश की, जिन्हें बाद में बाहर निकाला गया।
आठ सेंटरों से मिले अहम साक्ष्य
पुलिस का कहना है कि 18 स्पा सेंटरों में से आठ में प्रथमदृष्टया अवैध गतिविधियों के पुख्ता संकेत मिले हैं। जांच एजेंसियों ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, डिजिटल सामग्री और दस्तावेजों समेत कई साक्ष्य जब्त किए हैं। एक स्पा सेंटर से अवैध पिस्टल मिलने की बात भी सामने आई है, जबकि दूसरे सेंटर से पेट्रोल की केन बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। जांच का दायरा अब इन बरामद वस्तुओं और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल तक बढ़ाया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्पा सेंटरों का संचालन कौन कर रहा था और वहां होने वाली गतिविधियों में किन लोगों की भूमिका थी।
करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष मिले
छापेमारी के दौरान करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष मौके पर मौजूद मिले। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस महिलाओं से यह भी जानकारी जुटा रही है कि वे इन सेंटरों में किन परिस्थितियों में काम कर रही थीं। प्रारंभिक जांच में कुछ लड़कियों के नाबालिग होने की आशंका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इनमें कुछ आसपास के गांवों की रहने वाली हैं, जबकि कुछ के बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होने की जानकारी मिली है। उनकी उम्र और पहचान से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है।
स्पा मालिकों की तलाश, खेड़कीदौला थाने में FIR
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान अधिकांश स्पा सेंटरों के मालिक या संचालक मौके पर नहीं मिले और उनकी तलाश की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में खेड़कीदौला थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शी ने कहा कि महिलाओं से जुड़ी किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मॉल के दुकानदारों से शिकायत मिलने के बाद पूरी तैयारी के साथ यह कार्रवाई की गई। अब पुलिस बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।


