गिनीज रिकॉर्ड बनाने की तैयारी, यमुनानगर में 5000 लोग करेंगे सफाई
हरियाणा के यमुनानगर शहर को स्वच्छ बनाने और स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए नगर निगम की ओर से सात अक्टूबर को मॉडल टाउन में सफाई महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। इस मेगा अभियान में एक साथ करीब 5000 लोग सफाई कार्य में जुटेंगे

स्वच्छता में नया इतिहास रचेगा यमुनानगर
- 7 अक्टूबर को झाड़ू उठाएगा पूरा शहर
- सफाई महाकुंभ में जुटेंगे हजारों लोग, बनेगा नया रिकॉर्ड
यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर शहर को स्वच्छ बनाने और स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए नगर निगम की ओर से सात अक्टूबर को मॉडल टाउन में सफाई महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। इस मेगा अभियान में एक साथ करीब 5000 लोग सफाई कार्य में जुटेंगे।
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सफाई अभियान में शामिल होने का रिकॉर्ड दर्ज कराने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी मौके पर पहुंचेगी।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने मंगलवार को निगम कार्यालय में पार्षदों एवं अधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सफाई महाकुंभ में भाग लेने के इच्छुक लोगों का तीन अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन किया जाएगा और प्रत्येक प्रतिभागी को पहचान पत्र जारी किया जाएगा। बैठक में उन्होंने सफाई महाकुंभ की तैयारियों और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की और सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्ड से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।
आयुक्त ने बताया कि सफाई महाकुंभ में नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं, स्वयंसेवी संगठन, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और शहरवासी भाग लेंगे। अभियान के दौरान मॉडल टाउन स्थित नेहरू पार्क और इसके आसपास के क्षेत्र व गलियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में सहायक अभियंता मृणाल जायसवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा, मुक्ता, लोकेश, पार्षद अरुण कुमार, भावना बिट्टू, तिलक राज, सुनैना शर्मा, मनु कृष्ण सिंगला, संदीप धीमान, दीक्षित कुमार, उज्जवल बनयाल, हरजीत आनंद, विक्रम राणा, मंजीत कौर, पार्षद प्रतिनिधि पवन बिट्टू, राहुल, मदन कुमार आदि मौजूद रहे।
आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की सफलता के लिए सफाई व्यवस्था, संसाधनों, कर्मचारियों, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा किया जाए। सभी संस्थाओं को अभियान में शामिल होने के लिए पत्र जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि सफाई महाकुंभ केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।


