Top
Begin typing your search above and press return to search.

रोहतक में दिनदहाड़े गैंगवार, IG ऑफिस के पास 22 राउंड फायरिंग

शुक्रवार को रोहतक में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं

रोहतक में दिनदहाड़े गैंगवार, IG ऑफिस के पास 22 राउंड फायरिंग
X

हरियाणा में खौफनाक गैंगवार, IG ऑफिस से कुछ ही दूरी पर ताबड़तोड़ गोलियां

  • रोहतक की सड़कों पर दहशत, गैंगस्टरों ने बरसाईं 22 गोलियां
  • IG ऑफिस के पास गैंगवार, सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट वायरल
  • रोहतक में गैंगस्टरों का तांडव, पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल

रोहतक (हरियाणा)। शुक्रवार को रोहतक में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आईजी ऑफिस से कुछ ही दूरी पर दिल्ली बाईपास के पास अज्ञात हमलावरों ने दिनेश उर्फ गोगा को निशाना बनाते हुए करीब 22 गोलियां दागीं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। व्यस्त सड़क पर हुई इस वारदात से अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

मौके से मिले 28 से 30 गोलियों के खोल

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर तेज रफ्तार वाहन में आए और अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को घटनास्थल से 28 से 30 गोलियों के खोल मिले हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट से सनसनी

घटना के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें ‘जय भोले की’ लिखते हुए दावा किया गया कि हत्या अमेरिका में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और मोस्ट वांटेड नीरज फरीदपुरिया के इशारे पर कराई गई है। पोस्ट में धमकी भरे लहजे में अन्य लोगों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसमें लिखा गया— “बाकी ये और 2-4 कीड़े मकोड़े हैं, इनका टाइम आ लिया है।” साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए हैं।

पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

आईजी ऑफिस के पास हुई इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अपराधियों की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह गैंगवार हरियाणा में सक्रिय अपराधियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा हो सकती है। पुलिस अब उन अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क है, जिन्हें पोस्ट में अगला निशाना बनाने की धमकी दी गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it