Top
Begin typing your search above and press return to search.

हरियाणा में भाजपा का टिफिन महाकुंभ 23 अगस्त को

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 23 अगस्त को टिफिन महाकुंभ का आयोजन करेगी। यह महाकुंभ राज्य में भाजपा के सभी 27 सांगठनिक जिलों में आयोजित किये जाएंगे

हरियाणा में भाजपा का टिफिन महाकुंभ 23 अगस्त को
X

27 जिलों में एक साथ होगा आयोजन

  • पांच हजार कार्यकर्ताओं की आभासी बैठक
  • बूथ सशक्तीकरण और संगठन विस्तार पर जोर

गुरुग्राम। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 23 अगस्त को टिफिन महाकुंभ का आयोजन करेगी। यह महाकुंभ राज्य में भाजपा के सभी 27 सांगठनिक जिलों में आयोजित किये जाएंगे।

इस संबंध में प्रदेश भाजपा की गुरुवार को आभासी माध्य से बैठक हुई, जिसमें पांच हजार से अधिक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी सीधे जुड़े। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता और प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया की उपस्थिति में हुई बैठक में बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार और जनसंपर्क को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है और मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन का आधार है। पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता से साबित होता है कि भाजपा का संगठन प्रदेश के हर गांव, बूथ और शक्ति केंद्र तक सक्रिय है।

उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को अपराह्न 12 से तीन बजे तक प्रदेश के सभी 27 सांगठनिक जिलों के शक्ति केंद्रों पर एक साथ ‘टिफिन महाकुंभ’ आयोजित किया जाएगा। इसमें शक्ति केंद्र प्रमुख एवं सहप्रमुख, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बीएलए-2 सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। सभी जिले जिला जूम लिंक के माध्यम से प्रदेश से जुड़ेंगे।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि टिफिन बैठक केवल साथ बैठकर भोजन करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ता संवाद, आपसी समन्वय, स्थानीय समस्याओं की समझ और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का अभियान है। कार्यकर्ता की सक्रियता ही संगठन की शक्ति को जनशक्ति में बदलती है।

डॉ. पूनिया ने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन और मजबूत भाजपा की आधारशिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से टिफिन महाकुंभ को संगठन विस्तार, जनसंपर्क और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम बनाने का आह्वान किया।

बैठक में डिजिटल प्रशिक्षण, मतदाता सूची के सत्यापन एवं आवश्यक सुधार, बूथ स्तर पर नियमित बैठकें तथा ‘मन की बात’ के साथ बूथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। संत शिरोमणि रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र माटी को प्रदेश के गांवों और बूथों तक पहुंचाने तथा सामाजिक संपर्क मजबूत करने की योजना पर भी चर्चा हुई।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन नेतृत्व के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सेवा कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की कार्यसंस्कृति है।

बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री फणिंद्रनाथ शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it