Top
Begin typing your search above and press return to search.

बधवाना वितरिका निरीक्षण: श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि बधवाना वितरिका पुनर्निर्माण परियोजना के तहत आरडी 66700 पर आरसीसी पाइपलाइन का कार्य हर हाल में 15 जून तक पूरा किया जाये

बधवाना वितरिका निरीक्षण: श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
X

15 जून तक डेडलाइन: आरसीसी पाइपलाइन कार्य हर हाल में पूरा करें

  • 41 करोड़ की परियोजना: चरखी दादरी और 35 गांवों को मिलेगा लाभ
  • 23 लाख लोगों को राहत: पेयजल और सिंचाई का स्थायी समाधान

चंडीगढ़। हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि बधवाना वितरिका पुनर्निर्माण परियोजना के तहत आरडी 66700 पर आरसीसी पाइपलाइन का कार्य हर हाल में 15 जून तक पूरा किया जाये, ताकि किसानों और आम जनता को समय पर परियोजना का लाभ मिल सके।

उन्होंने सोमवार को बधवाना वितरिका पुनर्निर्माण परियोजना का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी लंबित कार्य तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिये।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने करीब 41.30 करोड़ रुपये की लागत से बधवाना वितरिका के पुनर्निर्माण को मंजूरी दी है और कार्य तेजी से जारी है। परियोजना पूरी होने के बाद चरखी दादरी शहर सहित आसपास के करीब 35 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।

श्री चौधरी ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के लगभग 23 लाख लोगों के लिए पेयजल आपूर्ति का मजबूत और स्थायी समाधान तैयार होगा। बेहतर जल आपूर्ति व्यवस्था से करीब 15 लाख शहरी और 80 हजार ग्रामीण नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और ग्रामीण विकास को गति मिलेगी। कई हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने से किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने अधिकारियों को आरडी 42500 से 66600 तक वन विभाग से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने के निर्देश भी दिये, ताकि परियोजना कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आये।

उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत 14 जल आपूर्ति संयंत्रों और ग्रामीण तालाबों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और पशुधन को भी लाभ पहुंचेगा।

श्री चौधरी ने कहा कि लोक नायक चौधरी बंसी लाल के नेतृत्व में करीब 50 वर्ष पहले निर्मित बधवाना वितरिका हरियाणा की प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं में शामिल रही है। अब इसका आधुनिक तकनीक के साथ पुनर्निर्माण कर जल प्रबंधन प्रणाली को और मजबूत बनाया जा रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it