Top
Begin typing your search above and press return to search.

चोरी के आरोपी ने हवालात में फांसी लगाई

कोरबा-हरदीबाजार ! सूने मकान से चोरी के मामले में गिरफ्तार किये गये आरोपियों में से एक ने गुरुवार तडक़े हवालात के रोशनदान में कंबल की पट्टी के सहारे फांसी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली।

चोरी के आरोपी ने हवालात में फांसी लगाई
X

कंबल की पट्टी से बनाया फंदा और वेंटीलेटर पर झूल गया
कोरबा-हरदीबाजार ! सूने मकान से चोरी के मामले में गिरफ्तार किये गये आरोपियों में से एक ने गुरुवार तडक़े हवालात के रोशनदान में कंबल की पट्टी के सहारे फांसी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। इस घटना से महकमे में हडक़ंप मची रही और इलाके में भी खासा तनाव का वातावरण रहा।
जानकारी के अनुसार हरदीबाजार पुलिस चौकी अंतर्गत शिक्षक नगर कालोनी निवासी डा. शैलजा ठाकुर पिता शीतला शरण ठाकुर 59 वर्ष के सूने मकान से 4-5 फरवरी की रात खिडक़ी का ग्रिल और दरवाजा तोडक़र सोने-चांदी के जेवरात, टेबलेट, कैमरा, मोबाईल, पेनड्राइप, पावर बैंक, चाबियों के गुच्छे कुल कीमत 1 लाख 36 हजार रूपये की चोरी अज्ञात चोरों द्वारा की गई थी। डा. शैलजा की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 27/17 पर धारा 457, 380 भादवि का जुर्म दर्ज कर पतासाजी शुरू की गई। सूचनाओं के आधार पर हरदीबाजार पुलिस ने 15 फरवरी को दोपहर करीब 3.30 बजे दिनेश नामदेव ऊर्फ छिपिया पिता रामलाल 25 वर्ष शांतिनगर को खनिज बैरियर के पास से पकड़ा। अन्य आरोपी अभय सिंह राजपूत पिता बिमलेश सिंह 24 वर्ष निवासी शांतिनगर व एक अन्य नाबालिक को भी इस मामले में पकडक़र चोरी के सामान कीमत लगभग 1 लाख 16 हजार इनके कब्जे से बरामद किये गये। इन आरोपियों में शामिल एक आरोपी दिनेश नामदेव ने हरदीबाजार चौकी के हवालात में आज तडक़े करीब 4.31 बजे हवालात में बिछाये गये कंबल के किनारे लगी पट्टी को फाडक़र फंदा बनाया और रोशनदान से लटककर खुदकुशी कर ली। चौकी में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को जैसे ही इसका पता चला, उनके होश उड़ गये और अपने अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर पुलिस अधीक्षक डी श्रवण, एसपी तारकेश्वर पटेल, दर्री सीएसपी सुखनंदन राठौर व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। मर्ग पंचनामा बाद शव का पोस्टमार्टम पूरी विडियोग्राफी के साथ न्यायिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में चिकित्सकों की टीम द्वारा किया गया।
चौकी प्रभारी सहित 4 निलंबित, 1 लाइन अटै
जिला पुलिस अधीक्षक डी श्रवण ने प्रेस वार्ता आहूत कर बताया कि उन्होंने पुलिस चौकी में लगे सीसीटीवी के फुटेज को स्वयं देखा और सुरक्षा में खामी पायी। नाइट अफसर गस्त पर था और चौकी में प्रधान आरक्षक विलफ्रेड मसीह, मारूत महंत, संतोष चौधरी और लक्ष्मी नारायण बघेल मौजूद थे। चौकी प्रभारी निरीक्षक मानसिंह राठिया चौकी में नहीं थे। एसपी ने बताया कि नियमत: किसी अपराधी को थाना चौकी में रखने पर प्रभारी को वहीं सोना चाहिए जबकि ऐसा नहीं हुआ। आरोपी की निगरानी में लगे आरक्षक के कहीं जाने पर दूसरे आरक्षक को निगरानी के लिए रखने की जिम्मेदारी होनी चाहिए थी। कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर प्रभारी समेत मारूत महंत, आरक्षक संतोष व लक्ष्मी नारायण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया वहीं विलफ्रेड मसीह को लाइन अटैच किया गया है।
पूर्व में भी दर्ज हैं अपराध
एसपी ने बताया कि दिनेश नामदेव के विरूद्ध पूर्व में भी हरदीबाजार चौकी थाना कुसमुंडा में अपराध क्रमांक 251/06, धारा 457, 380 दर्ज है और 12 अगस्त 2006 को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया गया था। दीपका थाना में अपराध क्रमांक 169/16 धारा 447, 379 भादवि व 3, 7 ईसी एक्ट का भी आरोप दिनेश पर है।
घटना की हो रही न्यायिक जांच
एसपी डी श्रवण ने बताया कि आरोपी दिनेश के मर्ग जांच हेतु उनके आग्रह पर न्यायिक मजिस्टे्रट प्रथम श्रेणी कोरबा सुमित कपूर द्वारा न्यायिक जांच की जा रही है। इसके अलावा अग्रिम जांच हेतु एएसपी तारकेश्वर पटेल के नेतृत्व में दर्री सीएसपी सुखनंदन राठौर, कटघोरा एसडीओपी संजय महादेवा की संयुक्त टीम का गठन किया जा चुका है। पुलिस चौकी से मिले सीसीटीवी फुटेज को इस प्रकरण में साक्ष्य के रूप में पेश किया जाएगा। एसपी ने बताया आत्महत्या के मामलों में सरकारी मुआवजा का प्रावधान नहीं है फिर भी मानवीयता के आधार पर पीडि़त परिवार को यथासंभव मदद दी जाएगी।
ग्रामीणों ने किया हंगामा, विधायक भी पहुंचे
आरोपी द्वारा चौकी में खुदकुशी की खबर फैलते ही उसके परिजन व ग्रामीण चौकी के सामने एकत्र हो घेराव कर दिये। कटघोरा के पूर्व विधायक बोधराम कंवर, कोरबा विधायक जयसिंह अग्रवाल, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष हरीश परसाई, जिपं उपाध्यक्ष अजय जायसवाल, कांग्रेस महामंत्री सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल भी मौके पर पहुंचे और अपनी संवेदना व्यक्त की। इन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। बाद में समझाईश और राहत की सहमति पर आक्रोश शांत हुआ।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it