Top
Begin typing your search above and press return to search.

स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग के जरिए युवा भारत के विकास को नई गति दे सकते हैं: जगदीश विश्वकर्मा

गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने कहा कि भारत का तेजी से बढ़ता स्टार्टअप इकोसिस्टम और विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 137वें 'मन की बात' कार्यक्रम को गांधीनगर में युवाओं के साथ सुना।

स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग के जरिए युवा भारत के विकास को नई गति दे सकते हैं: जगदीश विश्वकर्मा
X

गांधीनगर। गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने रविवार को कहा कि भारत का तेजी से बढ़ता स्टार्टअप इकोसिस्टम और विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 137वें 'मन की बात' कार्यक्रम को गांधीनगर में युवाओं के साथ सुना।

विश्वकर्मा ने कुदासन स्थित एक कैफे में आयोजित युवा केंद्रित कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां प्रसारण के बाद उन्होंने युवाओं से संवाद भी किया।

भाजपा ने राज्यभर में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें पार्टी नेताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने मासिक रेडियो कार्यक्रम को सुना।

विश्वकर्मा ने कहा, "आज युवा विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार आधारित स्टार्टअप स्थापित कर रहे हैं। वे नौकरी तलाशने वालों से नौकरी देने वाले बन रहे हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि देश में नया स्टार्टअप इकोसिस्टम मोदी सरकार की युवा हितैषी नीतियों और विभिन्न योजनाओं की वजह से विकसित हुआ है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत के युवाओं में अपार प्रतिभा और कौशल है, जो विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने देश के रक्षा और मोबाइल निर्माण क्षेत्रों में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, "जो देश कभी रक्षा उपकरणों के लिए आयात पर निर्भर था, आज वह करोड़ों रुपए के रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है।"

उन्होंने मोबाइल निर्माण क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि कभी भारत में मोबाइल निर्माण बेहद सीमित था, लेकिन अब इसमें काफी विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा, "आज भारत में छोटी पिन से लेकर हवाई जहाज तक का निर्माण हो रहा है।"

गुजरात के विकास का उल्लेख करते हुए विश्वकर्मा ने कहा कि वर्ष 2001 के भूकंप के बाद कच्छ समेत पूरे गुजरात ने उल्लेखनीय पुनर्निर्माण किया और प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी तथा दृढ़ नेतृत्व में राज्य एक मॉडल राज्य बनकर उभरा।

गुजरात में भाजपा के व्यापक कार्यक्रम के तहत विभिन्न समुदायों के लिए विशेष आयोजन भी किए गए।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सतीश पूनिया ने अहमदाबाद के सरदार स्मारक भवन में राजस्थानी समाज के लोगों के साथ 'मन की बात' सुनी, जबकि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने थलतेज स्थित घाटलोडिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 172 पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम देखा।

केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने सूरत में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और कंपनी सेक्रेटरी के साथ आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वर्षा दोशी ने सुरेंद्रनगर जिले के मुली तालुका के दूधाई गांव में युवा किसानों के साथ कार्यक्रम सुना।

नडियाद, कच्छ के बिडाडा और अहमदाबाद के चांदखेड़ा में क्रमशः महिलाओं, किसानों, पशुपालकों और अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों के साथ भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

भाजपा ने बताया कि गुजरात के सभी बूथों पर इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पार्टी नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।

गांधीनगर में कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने 'मन की बात' को प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम बताया तथा इसे हर महीने सुनने का संकल्प व्यक्त किया।

रविवार को प्रसारित प्रधानमंत्री मोदी के 137वें 'मन की बात' कार्यक्रम में जमीनी स्तर की पहल, उद्यमिता, सामाजिक सरोकारों और युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it