Top
Begin typing your search above and press return to search.

उडय्यन क्षेत्र के नियामकों को और प्रभावशाली बनायेगी सरकार: पुरी

सरकार नागरिक उडय्यन क्षेत्र के तीन नियामकों नागरिक उड्डयन महानिदेशालय, नागरिक उड्डयन सुरक्षा कार्यालय और विमान दुर्घटना जांच कार्यालय को बदलती जरूरतों के मद्देनजर ज्यादा प्रभावशाली बना रही है

उडय्यन क्षेत्र के नियामकों को और प्रभावशाली बनायेगी सरकार: पुरी
X

नयी दिल्ली । नागरिक उडय्यन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि सरकार नागरिक उडय्यन क्षेत्र के तीन नियामकों नागरिक उड्डयन महानिदेशालय, नागरिक उड्डयन सुरक्षा कार्यालय और विमान दुर्घटना जांच कार्यालय को बदलती जरूरतों के मद्देनजर ज्यादा प्रभावशाली बना रही है तथा नियमों के उल्लंघन पर सख्त जुर्माने का प्रावधान किया जा रहा है।

श्री पुरी ने आज राज्यसभा में वायुयान संशोधन विधेयक 2020 पेश करते हुए कहा कि विधेयक में इन तीनों नियामकों के लिए केन्द्र सरकार द्वारा एक महानिदेशक की नियुक्ति का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि भारत का उडय्यन क्षेत्र बहुुत तेजी से बढ रहा है और वर्ष 2022 तक भारत अमेरिका और चीन के बाद इस क्षेत्र का तीसरा सबसे बड़ा देश बन जायेगा। विधेयक में किये जा रहे प्रावधानों से बदलते समय की आवश्यकताएं पूरी की जा सकेंगी और देश में विमान संचालन की सुरक्षा का स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कोविड महामारी से पहले देश का उडय्यन क्षेत्र 34 करोड़ यात्रियों को संभाल रहा था और अब पिछले दिनों शुरू की गयी सीमित विमान सेवा के बाद यह संख्या निरंतर बढ रही है तथा दीवाली के बाद इसमें तेजी से बढोतरी होगी। इसे देखते हुए देश में हवाई अड्डों की क्षमता बढाने के लिए भी निरंतर कदम उठाये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विधेयक में विमानन क्षेत्र में नियमों के उल्लंघन के लिए लगाये जाने वाले जुर्माने की राशि को भी बढाने का प्रावधान किया गया है। अभी इन नियमों के उल्लंघन के लिए दो वर्ष की सजा या 10 लाख रूपये के जुर्माने या दोनों का प्रावधान है। संशोधित विधेयक में सजा की अवधि को नहीं बदला गया है लेकिन जुर्माने की राशि बढाकर एक करोड़ रूपये तक की जा रही है।

विधेयक पर चर्चा की शुरूआत करते हुए कांग्रेस के के सी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार सुरक्षा के नाम पर हवाई अड्डों का निजीकरण करने में लगी है और इसमें अपनी पसंद के उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि अडाणी उद्योग समूह को छह हवाई अड्डों में काम दिया जा रहा है और ऐसा करते समय सभी नियमों को ताक पर रखा जा रहा है। इस तरह की भी रिपोर्ट हैं कि मुंबई हवाई अड्डे के मामले में भी इस समूह को नाजायज फायदा पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि विधेयक में निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के प्रावधान किये जा रहे हैं।

कांग्रेस सदस्य ने हाल ही में कोझिकोड़ में हुए विमान हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि इस हादसे में 40 लोगों की मौत हो गयी और 40 दिन बीतने पर भी यह नहीं पता चल सका है कि किस कारण से दुर्घटना हुई। उन्होंने कहा कि इस मामले में जल्द स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी के जी वी एल नरसिम्हा राव ने विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि पिछले छह साल के दौरान नागरिक उड्डयन क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव हुआ है । सरकार की हवाई अड्डों के विकास की महत्वाकांक्षी योजना है जिसके कारण पिछले छह साल के दौरान विमान से यात्रा करने वालों की संख्या दोगुनी हो गयी है। देश के दूर दराज के क्षेत्रों के लोग अब विमान यात्रा कर रहे हैं जिससे पर्यटन का विकास हुआ है ।

श्री राव ने कहा कि 50 नये स्थानों के लिए विमान सेवा शुरु की गयी है जिसका किराया वातानुकूलित बस या रेलगाड़ी के किराया के समान है । कोरोना काल के दौरान उड्डयन क्षेत्र प्रभावित हुआ है लेकिन इस दौरान लाईफ लाइन उड़ान सेवा चलायी गयी जिससे दवा , मास्क और पीपीई किट को दूर दराज के क्षेत्रों में भेजा गया ।

तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि एयर इंडिया को बेचा नहीं जाना चाहिये और सामूहिक तौर पर इस पर विचार किया जाना जाना चाहिये । उन्होंने कोरोना काल के दौरान वंदे भारत सेवा की सराहना करते हुए कहा कि इससे विदेशों में फंसे लोगों को देश में लाया गया ।

बीजू जनता दल के प्रसन्ना आचार्य ने विधेयक के प्रावधानों की सराहना करते हुए कहा कि देश में नागरिक उड्डयन की अपार संभावना है । कोविड संक्रमण के कारण अब भी विमान सेवाएं पूरी क्षमता से संचालित नहीं हो रही है ।

जनता दल (यू) के राम चन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि पटना के बाहर एक हवाई अड्डा विकसित करने पर सहमति हुयी है जिस पर कार्य करने की जरुरत है । उन्होंने बिहार के दरभंगा और पूर्णियां से विमान सेवा शुरु करने की मांग की । इसके साथ ही धार्मिक स्थल गया से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरु करने पर बल दिया ।

राष्ट्रीय जनता दल के मनोज कुमार झा ने भी दरभंगा और पूर्णियां से विमान सेवा शुरु करने पर जोर दिया । उन्होंने कहा कि किसी कम्पनी का निजीकरण करने के पहले संबंधित पक्षों से बातचीत की जानी चाहिये ।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रफ्फुल पटेल ने कहा कि बहुत से लोग विमान यात्रा करना चाहते हैं और सामान्य लोग भी अब इस यात्रा का लाभ ले रहे हैं । उन्होंने कहा कि अभी भी चार से पांच प्रतिशत लोग ही साल में एक बार विमान यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूवोत्तर क्षेत्र के लोग दक्षिण भारत जाना चाहे तो वे रेलगाड़ी से दो दिन में पहुंचेंगे जबकि विमान से यह यात्रा बहुत कम समय में हो सकती है ।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की झरना दास , वाईएसआर कांग्रेस के विजय साई रेड्डी और बहुजन समाज पार्टी के विश्वंभर प्रसाद निषाद ने भी चर्चा में हिस्सा लिया ।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it