झूठी योजनाएं और झूठे आश्वासन देकर नागरिकों को गुमराह कर रही सरकार: भूपेन्द्र गुप्ता
कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर आरोप लगाया है कि वह झूठी योजनाएं बनाकर और आश्वासन देकर नागरिकों को गुमराह कर रही

भोपाल। कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर आरोप लगाया है कि वह झूठी योजनाएं बनाकर और आश्वासन देकर नागरिकों को गुमराह कर रही है।
गुप्ता ने आज यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा में आरोप लगाया कि वर्ष 2011 में मंत्रिपरिषद की बैठक में निर्णय लिया गया था कि राष्ट्रपति और राज्यपाल सम्मान से नवाजे गए प्रदेश के शिक्षकों को ‘आउट आॅफ टर्न’ पदोन्नति दी जाएगी। इस निर्णय का वर्ष 2012 में राजपत्र में प्रकाशन भी हुआ, लेकिन आज तक इसका पालन नहीं हुआ।
गुप्ता ने दावा किया कि इस निर्णय की पोल तब खुली जब स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी को नोटशीट पर यह कहना पड़ा कि नौकरशाही द्वेषपूर्ण तरीके से काम कर रही है, जो शर्मनाक है। पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को प्रमोशन का इंतजार करते करते छह-सात साल निकल गये और वे आज भी इंतजार ही कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रिपरिषद के निर्णयों का 10-10 साल तक पालन नहीं होता। निर्णयों पर नौकरशाही के अनावश्यक दबाव और हस्तक्षेप को सरकार रोकने में अक्षम साबित हुई है।
गुप्ता ने कहा कि यदि सरकार की नीयत साफ नहीं है तो इस आदेश को निरस्त क्यों नहीं कर देती। निर्णय लेकर उसे छह-सात सालों तक लागू न करने वाला मध्यप्रदेश देश में पहला राज्य बन गया है।


