जनदर्शन में गेंदूराम को मिली बैटरी चलित ट्रायसायकल
जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आज यहां आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर ओ.पी.चौधरी ने अशोक नगर गुढयारी निवासी दिव्यांग गेंदूराम यादव को बैटरी चलित ट्रायसायकल प्रदान किया
रायपुर। जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आज यहां आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर ओ.पी.चौधरी ने अशोक नगर गुढयारी निवासी दिव्यांग गेंदूराम यादव को बैटरी चलित ट्रायसायकल प्रदान किया।
कलेक्टर श्री चौधरी ने जनदर्शन में जिले के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों से रू-ब-रू होते हुए उनकी विभिन्न मांगों और शिकायतों को सुना तथा प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए है। आज के जनदर्शन में कुल 26 आवेदन प्राप्त हुए है।
जनदर्शन में आरंग के नागरिकों ने इंदिरा चौक के पास सार्वजनिक नव दुर्गा समिति के भवन से अवैध कब्जा हटाने, उत्कल एकता जनकल्याण संस्था ने कार्यालय भवन हेतु भूमि आबंटन करने, खपराभट्टी रायपुर निवासी श्रीमती गंगासाहू और तेलीबांधा निवासी श्रीमती अनामिका वर्मा ने भूमि का मुआवजा के संबंध में, तिल्दा विकासखंड के ग्राम मधईपुर निवासी श्री छन्नूराम ने आर्थिक सहायता दिलाने, अभनपुर विकाखंड के ग्राम खोला निवासियों ने मनरेगा कार्यो में सामाग्री क्रय की फर्जी राशि आहरण की जांच करने संबंधी, गातापार निवासियों ने आवस पट्टा दिलाने के संबंध में, तिल्दा विकासखंड के ग्राम खुड़मुडी निवासी अश्वनी कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जोड़ने के संबंध में आवेदन दिया।
जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही के लिए कलेक्टर ओ.पी. चौधरी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया हैै। जनदर्शन में आए सभी आवेदकों को उद्यानिकी विभाग के माध्यम से नि:शुल्क फलदार पौधों का वितरण भी किया गया। आवेदकों को पपीता, आम, जामून, नीबू, अमरूद, कटहल आदि फलदार पौधे प्रदान किए गए।


