Top
Begin typing your search above and press return to search.

गोवा : संजीवनी शुगर फैक्ट्री पुनरुद्धार की तीसरी कोशिश

गोवा सरकार ने बंद पड़ी संजीवनी सहकारी शुगर फैक्ट्री को फिर से शुरू करने के लिए तीसरी बार प्रयास तेज कर दिए हैं

गोवा : संजीवनी शुगर फैक्ट्री पुनरुद्धार की तीसरी कोशिश
X

DBFOT मॉडल से होगी फैक्ट्री की नई शुरुआत

  • 3,500 टन पेराई क्षमता और एथेनॉल उत्पादन पर जोर
  • दो चरणों में लागू होगी परियोजना, निवेशकों से उम्मीदें
  • केंद्र की एथेनॉल नीति से प्रोजेक्ट को आर्थिक मजबूती

पणजी। गोवा सरकार ने बंद पड़ी संजीवनी सहकारी शुगर फैक्ट्री को फिर से शुरू करने के लिए तीसरी बार प्रयास तेज कर दिए हैं। इस बार योजना को डिज़ाइन, फाइनेंस, बिल्ड, ऑपरेट एंड ट्रांसफर (DBFOT) मॉडल के तहत पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) के जरिए लागू किया जाएगा।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित परियोजना में आधुनिक तकनीक पर आधारित शुगर फैक्ट्री स्थापित की जाएगी, जिसकी गन्ना पेराई क्षमता कम से कम 3,500 टन प्रतिदिन होगी। इसके साथ ही एथेनॉल उत्पादन पर विशेष जोर दिया जाएगा और 75 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता वाला डिस्टिलरी प्लांट भी तैयार किया जाएगा।

योजना को दो चरणों में लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में एक वर्ष के भीतर 1,250 टन प्रतिदिन पेराई क्षमता और 30 किलोलीटर प्रतिदिन डिस्टिलरी यूनिट स्थापित की जाएगी। इसके बाद सात वर्षों में पूर्ण क्षमता के साथ 3,500 टन पेराई और 75 किलोलीटर डिस्टिलरी प्रोजेक्ट पूरा करने का लक्ष्य है।

गौरतलब है कि इससे पहले फैक्ट्री के पुनरुद्धार के दो प्रयास असफल रहे थे। अक्टूबर 2022 में प्राप्त निविदाएं तकनीकी और वित्तीय मानकों पर खरी नहीं उतरीं। जनवरी 2024 में शर्तों को आसान बनाकर फिर से निविदा प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन तीन बार समय बढ़ाने के बावजूद कोई बोली नहीं मिली।

इस परियोजना के लिए लगभग 2.40 लाख वर्ग मीटर जमीन उपलब्ध है। वर्तमान में गोवा में करीब 550 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती होती है, जिससे हर साल लगभग 60,000 टन उत्पादन होता है। फैक्ट्री बंद होने से पहले, संजीवनी पड़ोसी राज्यों से भी गन्ना खरीदती थी।

केंद्र सरकार की एथेनॉल ब्लेंडिंग नीति को देखते हुए इस परियोजना को आर्थिक रूप से लाभदायक माना जा रहा है। सरकार को उम्मीद है कि संशोधित शर्तों, चरणबद्ध विकास और एथेनॉल-आधारित मॉडल के चलते इस बार निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिलेगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it