पेट्रोल पम्पों की हड़ताल से हुई आमजन को परेशानी
राजस्थान में डीजल पेट्रोल के दामों में सरकार द्वारा लगाये वैट के विरोध में पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार को राज्य के सभी पेट्रोल पम्प बंद रहे

जयपुर । राजस्थान में डीजल पेट्रोल के दामों में सरकार द्वारा लगाये वैट के विरोध में पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर राज्य के सभी पेट्रोल पम्प बंद रहे, इससे आमजन को परेशानी का सामना करना पडा।
एसोसिएशन द्वारा लिये गये निर्णय के अनुसार बुधवार सुबह छह बजे से गुरुवार सुबह छह बजे तक राज्य के 4300 में से 3500 पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। इस दौरान एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों जैसी आपातकालीन सेवाओं को पेट्रोल-डीजल दिया जाएगा।
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के सूत्रों के अनुसार राज्य में डीजल पर 18 और पेट्रोल पर 24 प्रतिशत वैट वसूला जा रहा था। लेकिन सरकार ने चार प्रतिशत वैट बढ़ा दिया है। राजस्थान में एक दिन में करीब 55 लाख लीटर पेट्रोल और करीब एक करोड़ 20 लाख लीटर डीजल की प्रतिदिन की खपत है। इससे प्रतिदिन सरकार को पेट्रोल पर 15 करोड़ तथा डीजल पर 25 करोड़ रुपए राजस्व मिलता है।
बुधवार को राज्यव्यापी आह्वान पर पेट्रोल पंप संचालकों की हड़ताल का असर सभी शहरो में देखा गया। रोजमर्रा जिन पेट्रोल पम्पों पर भारी-भीड़ रहती है वहां सन्नाटा पसरा दिखा।


