गौतमबुद्धनगर : 813 रैपिड एंटीजन जांच में मिले 4 संक्रमित, कुल 893 मरीजों का उपचार जारी
गौतमबुद्धनगर में रविवार को जिला प्रशासन के दिशा निर्देशों के अनुपालन में अलग-अलग क्षेत्रों में रैपिड एंटीजन मेडिकल टेस्टिंग की गई

गौतमबुद्धनगर। गौतमबुद्धनगर में रविवार को जिला प्रशासन के दिशा निर्देशों के अनुपालन में अलग-अलग क्षेत्रों में रैपिड एंटीजन मेडिकल टेस्टिंग की गई, जिसमें से केवल चार ही संक्रमित पाए गए। इसी बाबत नोडल अधिकारी उमाशंकर ने बताया, "जिलाधिकारी सुहास एल वाई द्वारा यह निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिदिन 3000 एंटीजन परीक्षण किये जाए। इसी क्रम में आज विभन्न जगहों पर मेडिकल टीमों द्वारा रैपिड एंटीजन परीक्षण किए गए। जिसमें कुल 813 जांच की गई। इनमें से सिर्फ 4 मरीज ही संक्रमित पाए गए हैं।"
वहीं दूसरी ओर जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान द्वारा साझा की गई राज्य रिपोर्ट के अनुसार, "जिले में पिछले 24 घंटे में 64 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। वहीं आज 88 मरीज स्वस्थ हुए, जिसके बाद अब जिले में कुल 2484 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। 893 संक्रमित मरीजों का इलाज जिले के अलग अलग कोविड अस्पतालों में किया जा रहा है।"
जिले में प्रतिदिन 1500 टीमें घर-घर जाकर कोरोना जांच कर रहीं है। जिले में रोजाना 3000 कोरोना जांच की जा रही है। 2 जुलाई से अब तक 20,000 से ज्यादा कोरोना जांच की गई है।


