Top
Begin typing your search above and press return to search.

पुलिस स्मृति दिवस परेड की फुलड्रेस रिहर्सल संपन्न

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में आज पुलिस स्‍मृति दिवस परेड की फुलड्रेस एवं फायनल रिहर्सल संपन्न हो गयी।

पुलिस स्मृति दिवस परेड की फुलड्रेस रिहर्सल संपन्न
X

भोपाल । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में आज पुलिस स्‍मृति दिवस परेड की फुलड्रेस एवं फायनल रिहर्सल संपन्न हो गयी।

पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विशेष पु‍लिस महानिदेशक एसएएफ विजय यादव ने फुलड्रेस रिहर्सल परेड का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस स्‍मृति दिवस की अन्‍य व्‍यवस्‍थाओं का जायजा भी लिया। पुलिस स्मृति दिवस के लिए हुई फुलड्रेस रिहर्सल के दौरान मुख्‍य अतिथि की भूमिका प्रधान आरक्षक रामचंद्र कुशवाह ने निभाई। फायनल अभ्‍यास परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी अमित तोलानी ने किया।
परेड के टू-आई-सी राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी रोहित लखारे हैं। परेड में महिला प्‍लाटून विशेष सशस्‍त्र बल एवं जिला बल की संयुक्‍त टुकड़ी, विशेष सशस्‍त्र बल की पुरूष प्‍लाटून, जिला बल एवं शासकीय रेल पुलिस की संयुक्‍त टुकड़ी, नगर सेना, कलर पार्टी, पुलिस बैंड प्‍लाटून और श्वान दल की टुकड़ियाँ शामिल हैं।

फुलड्रेस रिहर्सल के समय अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक आदर्श कटियार, पुलिस उप महानिरीक्षक भोपाल इरशाद वली एवं अन्‍य वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। सहायक पुलिस महानिरीक्षक विशेष सशस्‍त्र बल आशुतोष प्रताप सिंह ने इस साल देश भर में कर्तव्‍यबेदी पर शहीद हुए पुलिस जवानों की नामावली का वाचन किया। इस दौरान पुलिस बैंड द्वारा निकाली जा रही देशभक्ति के गीतों की मधुर धुन के बीच शहीदों को पुष्‍पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

हर साल की तरह पुलिस स्‍मृति दिवस 21 अक्‍टूबर को मनाया जाता है। इस दिन प्रदेश का मुख्‍य समारोह राज्‍यपाल लालजी टंडन के मुख्‍य आतिथ्‍य में सुबह 8 बजे लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्‍मारक प्रांगण में आयोजित होगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it