हानिकारक रसायनों से फल पकाने वालों पर शिकंजा
रायपुर ! हानिकारक रसायनों का उपयोग कर कच्चे फलों को पकाकर बिक्री कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने की शिकायत को कलेक्टर ओपी चौधरी ने गंभीरता से लेते हुए

खाद्य विभाग की टीम ने 55 क्विंटल पपीता, 23 क्विंटल केला व 80 किलो आम किया जब्त
रायपुर ! हानिकारक रसायनों का उपयोग कर कच्चे फलों को पकाकर बिक्री कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने की शिकायत को कलेक्टर ओपी चौधरी ने गंभीरता से लेते हुए ऐसे दुकानदारों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। जिसके परिपालन में आज राजस्व, नगर निगम और खाद्य एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शहर के विभिन्न फल मार्केटों पर छापामार कार्यवाही कर हानिकारक रसायनों से पकाए जा रहे 55 क्विंटल पपीता, 23 क्विंटल केला और 80 किलो आम को जब्त किया गया।
गौरतलब है कि हानिकारक रसायनों का उपयोग कर कच्चे फलों को पकाने से लोगों को पेट की बीमारी, पाचन तंत्र में गड़बड़ी, लीवर, स्किन और कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी के होने की संभावना रहती है। इन फलों के उपयोग से लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन, नगर निगम और खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम द्वारा छापामार कार्रवाई की गई। डिप्टी कलेक्टर आरबी देवांगन और डिप्टी कलेक्टर हरवंश मिरी के नेतृत्व में आज संयुक्त टीम ने लालपुर थोक फल मॉर्केट में आशीष फ्रूट भण्डार शॉप नम्बर 29 और 30 में छापा मारा जहां टेगपोन केमिकल को पानी में मिलाकर केले को पकाने के लिए उपयोग में लाया जा रहा था। टेगपोन एक प्रतिबंधित केमिकल है एवं इसके उपयोग से पेट की बीमारी, पाचन तंत्र में गड़बड़ी, लीवर, स्किन तथा कैंसर जैसी खतरनाक बिमारी होने की संभावना रहती है। यहां से 23 क्विंटल कच्चे केले को जब्त किया गया। इसी तरह जवाहर बाजार से आरकेजी फू्रट से 25 क्विंटल पपीता और चौबे महाराज फ्रूट सप्लायर के यहां से 30 क्विंटल पपीता और 80 किलो आम को जब्त किया गया। इन दुकानों में कैल्शियम कार्बाइड का उपयोग कर फलों को पकाया जा रहा था। जिसके टीम द्वारा सैम्पल लेकर जांच को भेजा गया है। इन दुकान संचालककर्ता के विरूद्ध खाद्य एवं औषधि विभाग की धाराओं और नगर पालिक निगम अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।


