पेंशन धारकों के खाते में पहुंची वृद्धा पेंशन की पहली किस्त
वृद्धा पेंशन का इंतजार कर रहे पेंशन धारकों के लिए अच्छी खबर है, वृद्धजनों के खाते में पेंशन आना शुरू हो चुकी है

ग्रेटर नोएडा। वृद्धा पेंशन का इंतजार कर रहे पेंशन धारकों के लिए अच्छी खबर है, वृद्धजनों के खाते में पेंशन आना शुरू हो चुकी है। शासन ने जिले के 18 हजार 650 पेंशन धारकों को योजना का लाभ देते हुए लाभार्थियों के खाते में पेंशन की धनराशि भेज दी है। समाज कल्याण विभाग के मुताबिक एक हजार 834 नए पेंशन धारकों को भी योजना का लाभ मिला है।
उल्लेखनीय है कि वृद्धा, विधवा व विकलांग पेंशन योजना का सत्यापन कार्य चल रहा था। पेंशन की उ मीद में वृद्धजन विभागों के चक्कर काट रहे थे। पात्र लाभार्थियों के खाते में पेंशन की धनराशि पहुंचना शुरू हो गई है। विभाग के मुताबिक जिले में 15 हजार 108 वृद्धा पेंशन धारक थे। पिछले वित्तीय वर्ष तीन हजार 800 नए पेंशन धारकों को जोड़ा गया। जबकि इस वित्तीय वर्ष एक हजार 834 नए आवेदनकर्ताओं को पात्र मानते हुए सूची शासन को भेजी गई थी।
शासन ने सभी पात्र लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेजना शुरू कर दिया है। 18650 वृद्धा पेंशन लाभार्थियों के खाते में पहली किस्त सीधे भेजी गई है। समाज कल्याण विभाग ने जिलाधिकारी के निर्देश पर गांवों में एकीकृत पेंशन शिविर लगाकर आवेदन पत्र स्वीकृत किए थे।
शासन समाज कल्याण विभाग के माध्यम से वृद्धा पेंशन धारकों के खाते में प्रति माह 500 रुपये की धनराशि योजना के तहत देता है। आनंद कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि पेंशन लाभार्थियों के खाते में पेंशन धनराशि की पहली किस्त पहुंच चुकी है। जिले में 18 हजार से अधिक वृद्धजनों के खाते में धनराशि भेजी गई है। यदि किसी वजह से लाभार्थी को पेंशन योजना का लाभ नहीं मिला है, वह विभागीय कार्यालय आकर संपर्क कर सकता है।


