हरिवंश पर जानलेवा हमले के आरोप में पूर्व सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
उत्तर प्रदेश में जौनपुर के खुटहन थाने में प्रतापगढ़ के सांसद हरिबंश सिंह पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पूर्व सांसद धनन्जय सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर के खुटहन थाने में प्रतापगढ़ के सांसद हरिबंश सिंह पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पूर्व सांसद धनन्जय सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के के चौधरी ने आज यहां बताया कि प्रतापगढ़ के सांसद कुँवर हरिबंश सिंह ने कल रात प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि खुटहन ब्लाक प्रमुख सरयू देई यादव के खिलाफ गत छह नवम्बर को अविश्वास प्रस्ताव के दौरान सदस्य क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) के काफिले पर अराजक तत्वों ने पत्थरबाजी की और उनके ऊपर जानलेवा हमला किया। कुछ लाेगों ने मेरी कार जला दी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पूर्व सांसद धनंजय सिंह, पूर्व मंत्री एवं शाहगंज के सपा विधायक शैलेन्द्र यादव ललई, एमएलसी बृजेश सिंह, प्रिंशू समेत 35 नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ खुटहन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


