यमन-सोमालिया के पास दो जहाज हाईजैक, 22 भारतीय समेत 30 क्रू सदस्य फंसे
यमन और सोमालिया के पास दो कमर्शियल जहाजों के हाईजैक की खबर से समुद्री सुरक्षा पर चिंता बढ़ी। दोनों जहाजों पर 22 भारतीय समेत 30 क्रू सदस्य सवार थे।

नई दिल्ली। यमन और सोमालिया के तट के आसपास समुद्री सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। अलग-अलग घटनाओं में दो कमर्शियल जहाजों को कथित तौर पर समुद्री लुटेरों ने अपने कब्जे में ले लिया। दोनों जहाजों पर कुल 30 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 22 भारतीय नागरिक शामिल हैं। भारतीय अधिकारियों की ओर से घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है और क्रू सदस्यों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
अदन की खाड़ी में तेल टैंकर पर कब्जे की खबर
पहली घटना 20 अगस्त को यमन के तट के पास अदन की खाड़ी में सामने आई। जानकारी के मुताबिक, इरिट्रिया के झंडे वाला तेल उत्पाद टैंकर एमटी सिबू 1 हथियारबंद समुद्री लुटेरों के निशाने पर आया। जहाज पर कुल 20 क्रू सदस्य थे, जिनमें 16 भारतीय नागरिक बताए गए हैं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जहाज पर मौजूद भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। संबंधित अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, पूरे घटनाक्रम और जहाज की वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
सोमालिया के पुंटलैंड तट पर कार्गो जहाज हाईजैक
दूसरी घटना 17 अगस्त को सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास हुई। यहां कैमरून के झंडे वाले कार्गो जहाज MV Lutuf को कथित तौर पर समुद्री लुटेरों ने कब्जे में ले लिया। जहाज पर 10 सदस्यीय क्रू था। इनमें छह भारतीय, एक तुर्किये का नागरिक, एक जॉर्जियाई नागरिक और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल थे।
सोमाली अधिकारियों के मुताबिक, जहाज को पुंटलैंड के नुगाल तट की ओर ले जाया गया। बताया गया है कि करीब आठ हथियारबंद लोगों ने जहाज पर कब्जा किया था।
जहाज पर हथियार और सैटेलाइट उपकरण होने का दावा
अधिकारियों के अनुसार, एमवी लूताफ पर तुर्किये के हथियार और संचार-सैटेलाइट उपकरण लदे थे। इन्हें मोगादिशु स्थित तुर्किये के सैन्य प्रशिक्षण केंद्र तक पहुंचाया जाना था। हालांकि, इस संबंध में तुर्किये की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
घटना के बाद इलाके में तुर्किये के जहाजों के साथ हेलिकॉप्टर और ड्रोन से निगरानी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
हवाई हमले में चार लोगों की मौत की खबर
सोमाली अधिकारी के मुताबिक, हाईजैक किए गए जहाज के पास एक छोटी नाव पहुंची थी। बाद में इलाके में हवाई हमला हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत और दो के घायल होने की जानकारी दी गई। हालांकि, हमले की परिस्थितियों और उसमें मारे गए लोगों की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
फिलहाल एमवी लूताफ, उसके क्रू और जहाज पर मौजूद सामान की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। दोनों घटनाओं ने अदान की खाड़ी,सोमालिया में समुद्री डकैती और समुद्री सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। भारतीय नागरिकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी के कारण उनकी सुरक्षित वापसी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


