Top
Begin typing your search above and press return to search.

भाजपा से दूरी बनाएंगे टीएमसी के बागी मुस्लिम सांसद, यूसुफ पठान समेत बागी गुट ने साफ किया रुख

पश्चिम बंगाल में 17 बागी सांसदों के BJP में शामिल होने के दावे से सियासत गरमा गई है। यूसुफ पठान और खलीलुर रहमान ने BJP-NDA में शामिल होने से इनकार किया है।

भाजपा से दूरी बनाएंगे टीएमसी के बागी मुस्लिम सांसद, यूसुफ पठान समेत बागी गुट ने साफ किया रुख
X

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर दल-बदल की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। तृणमूल कांग्रेस से अलग होकर NCPI यानी नेशनल सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया में विलय करने वाले सांसदों को लेकर दावा किया गया है कि 17 सांसद भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। इस दावे के बाद यूसुफ पठान, सायोनी घोष समेत कई नेताओं के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

17 सांसदों के भाजपा में जाने का दावा

टीएमसी से अलग हुए बागी सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने दावा किया कि 17 सांसदों के भाजपा में शामिल होने की तैयारी पूरी हो चुकी है। उन्होंने संकेत दिया कि दुर्गा पूजा के बाद यह बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है।

दरअसल, टीएमसी के कुल 20 सांसदों ने पार्टी से अलग होकर एनसीपीआई का रुख किया था और एनडीए को समर्थन दिया था। ऐसे में 17 सांसदों के भाजपा में जाने के दावे ने बंगाल की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।

यूसुफ पठान बोले- भाजपा या एनडीए में नहीं जाएंगे

हालांकि बागी गुट के नेता अबू ताहेर खान ने बसुनिया के दावे को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बसुनिया को पूरे गुट की ओर से बयान देने का अधिकार नहीं है। खान ने स्पष्ट किया कि उनका गुट भाजपा में शामिल नहीं होगा और न ही एनडीए का हिस्सा बनेगा।

उन्होंने जंगीपुर सांसद खलीलुर रहमान और बहरामपुर सांसद यूसुफ पठान का नाम लेते हुए कहा कि ये नेता बाहर से एनडीए को समर्थन देंगे, लेकिन भाजपा या एनडीए की बैठकों में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, विकास से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की ओर से बुलाई गई बैठकों में हिस्सा लेने की बात कही गई है।

सायोनी घोष के नाम पर अभी सस्पेंस

बसुनिया ने 17 सांसदों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि सायोनी घोष इस संभावित समूह में शामिल हैं या नहीं। वहीं, 20 बागी सांसदों में से तीन नेताओं के भाजपा में नहीं जाने और बाहर से NDA को समर्थन देने की बात सामने आने के बाद बाकी सांसदों को लेकर अटकलें जारी हैं।

नगर निगम चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल

यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। भाजपा पहले ही संकेत दे चुकी है कि वह इन चुनावों में अकेले मैदान में उतरेगी।

दूसरी ओर, भाजपा ने फिलहाल बागी सांसदों को पार्टी में लेने की किसी तत्काल योजना से इनकार किया है। भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि उनकी जानकारी के मुताबिक टीएमसी या NCPI से कोई नेता भाजपा में शामिल नहीं हो रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it