Top
Begin typing your search above and press return to search.

सर्दी की विदाई जल्द, इन राज्यों में होगी बारिश; आज कैसा रहेगा मौसम

IMD ने कहा कि महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान 3 दिनों के बाद 2 से 3 डिग्री बढ़ना शुरू हो सकता है। फिलहाल, राज्य में 24 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। वहीं, देश के अन्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं हैं।

सर्दी की विदाई जल्द, इन राज्यों में होगी बारिश; आज कैसा रहेगा मौसम
X

नई दिल्ली। कड़ाके की ठंड से देश को जल्द ही राहत मिलने के आसार हैं। पूर्वानुमान है कि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में बढ़त दर्ज की जा सकती है। वहीं, पहाड़ी राज्य बारिश या बर्फबारी का सामना कर सकते हैं। फिलहाल, उत्तर समेत कई राज्यों को घने कोहरे से राहत की संभावनाएं कम हैं। इसके अलावा दक्षिण भारतीय राज्यों में भी कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है।

कहां बदलेगा तापमान

उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस घट सकता है। IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी है। विभाग ने बताया है कि मध्य भारत में 24 घंटों के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री से सेल्सियस की बढ़त देखी जा सकती है। पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों के बाद न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।

IMD ने कहा कि महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान 3 दिनों के बाद 2 से 3 डिग्री बढ़ना शुरू हो सकता है। फिलहाल, राज्य में 24 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। वहीं, देश के अन्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं हैं।

कहां होगी बारिश

11 फरवरी को जम्मू और कश्मीर, गिलगिट, लद्दाख, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में छिटपुट बारिश या बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 11 फरवरी तक ऐसा मौसम रह सकता है। 10 फरवरी को जम्मू और कश्मीर, गिलगिट, लद्दाख, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में बारिश हो सकती है। उस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रतिघंटा हो सकती है।

कोहरे की मार

मौसम विभाग के अनुसार, 10 फरवरी तक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में घना कोहरा छा सकता है। तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश में 10 फरवरी तक, बिहार, असम और मेघालय में 9 फरवरी तक घने कोहरे के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश में कोहरे की वापसी

यूपी में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। 10 फरवरी को प्रदेश के तराई क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। गोरखपुर, बरेली, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में घने कोहरे को लेकर ओरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, आजमगढ़, मऊ और बाराबंकी जैसे जिलों में मध्यम कोहरा रहेगा। इसके अलावा नोएडा में सुबह धुंध रहेगी लेकिन दिन में मौसम साफ रहेगा। लखनऊ में धूप तीखी होने के आसार हैं, यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक जा सकता है।

बिहार और झारखंड में सुबह कोहरा

बिहार में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है, जिससे सुबह-शाम की ठंड बढ़ेगी। पटना समेत अधिकांश शहरों में दिन में धूप खिलेगी, जिससे राहत मिलेगी। झारखंड में 14 फरवरी तक सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहेगा और तापमान में किसी बड़े बदलाव की गुंजाइश नहीं है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश की संभावना

पहाड़ों पर मौसम फिर से बिगड़ने वाला है। हिमाचल में 9 और 10 फरवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंची चोटियों पर बर्फबारी और बारिश की संभावना है। कुकुमसेरी में पारा -13.4 डिग्री तक लुढ़क गया है। अगले कुछ दिनों में यहां तापमान में 2-8 डिग्री की बड़ी गिरावट आ सकती है। वहीं, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

राजस्थान में बसंत से पहले गर्मी की दस्तक

राजस्थान में सर्दी का असर अब लगभग खत्म हो रहा है। अधिकांश जिलों में पारा 25 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे अब लोगों को दिन में गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस नहीं हो रही है। अगले एक हफ्ते तक यहां मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it