Weather Update: यूपी-बिहार समेत 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट, ओडिशा-छत्तीसगढ़ में भारी बारिश
Weather Update: 23 सितंबर को यूपी-बिहार समेत 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी, जबकि दिल्ली-NCR में मौसम शुष्क रहेगा।

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मॉनसून की सक्रियता धीरे-धीरे कम हो रही है, लेकिन बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया ने पूर्वी और मध्य भारत के मौसम का मिजाज बदल दिया है। इसके प्रभाव से ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23 सितंबर को ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है।
ओडिशा में रेड अलर्ट, कई जिलों में बहुत भारी बारिश
ओडिशा में लो प्रेशर एरिया का असर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने 23 से 25 सितंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 23 और 24 सितंबर को कोरापुट, गजपति और गंजाम में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी को 24 और 25 सितंबर के लिए रेड अलर्ट पर रखा गया है। लगातार बारिश के कारण स्थानीय प्रशासन और लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
छत्तीसगढ़ में आंधी और बिजली के साथ बारिश
छत्तीसगढ़ में भी 23 और 24 सितंबर को मौसम खराब रहने का अनुमान है। कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ व्यापक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने राज्य में बहुत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
यूपी-बिहार में भी बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ रही हैं। 23 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि 25 से 27 सितंबर के बीच पूर्वी यूपी में आंधी-तूफान के साथ व्यापक बारिश हो सकती है और कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिमी यूपी में भी 26-27 सितंबर को बारिश बढ़ सकती है।
बिहार में 23 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। इसके बाद 24 और 25 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।
दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत नहीं
दिल्ली-NCR में 23 सितंबर को बारिश की संभावना नहीं है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। 25 से 27 सितंबर के बीच आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की चेतावनी नहीं है।
राजस्थान में मॉनसून की विदाई शुरू
राजस्थान से मॉनसून की वापसी शुरू हो गई है। अगले कुछ दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि 23 सितंबर को कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
अन्य राज्यों का पूर्वानुमान: मध्य प्रदेश, झारखंड, अंडमान-निकोबार, असम, मेघालय, गोवा, कर्नाटक और केरल में मध्यम बारिश, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की बारिश की संभावना है।


