धामी कैबिनेट का हुआ विस्तार, विधायक खजान दास, भरत सिंह चौधरी सहित इन पांच मंत्रियों ने ली शपथ
क्षेत्रीय व जातीय समीकरण के बीच संतुलन बनाते हुए पांच नए मंत्रियों को धामी कैबिनेट में एंट्री मिली है। लोकभवन में राज्यपाल ने विधायक खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा को मंत्रिपद की शपथ दिलाई।

आज नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास को शपथ दिलाई। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ली। फिर विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा ने भी मंत्रिपद की शपथ ली।
वर्तमान में कैबिनेट में पांच मंत्रियों के पद खाली हैं, जिनमें नए मंत्रियों की ताजपोशी की गई। ताजपोशी के लिए नए चेहरों का चयन विधायकों के पिछले चार साल के कामकाज का रिकॉर्ड देखकर किया गया है। नई कैबिनेट में क्षेत्रीय व जातीय समीकरण के बीच संतुलन बनाया गया।
राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कैबिनेट विस्तार पर कई दौर की वार्ता हो चुकी थी। सरकार व संगठन के बीच कैबिनेट विस्तार के लिए होमवर्क पूरा होने के बाद इसके लिए नवरात्र का शुभ मुहूर्त चुना गया।
अभी कैसा है धामी कैबिनेट का स्वरूप
उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट में अभी 6 मंत्री हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज 5 नए मंत्रियों को शपथ दिलाने के बाद मंत्रियों की संख्या 11 हो जाएगी। फिलहाल एक मुख्यमंत्री और 6 मंत्रियों के साथ उत्तराखंड कैबिनेट में सदस्यों की संख्या 7 है, जो आज बढ़कर 12 हो जाएगी। सतपाल महाराज, गणेश जोशी, रेखा आर्या, सुबोध उनियाल, धनसिंह रावत और सौरभ बहुगुणा अभी धामी कैबिनेट के सदस्य हैं।गौरतलब है कि धामी कैबिनेट में रिक्त पांच पदों को भरने को लेकर लगातार मंथन चल रहा था। मुख्यमंत्री ने कुछ समय पहले विस्तार को लेकर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा की थी। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल चयन में मुख्यमंत्री को फ्री हैंड दे दिया गया था।


