यूपी के ज्यादातर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 8 जिलों में रेड अलर्ट; स्कूल बंद
UP Weather Alert के बीच उत्तर प्रदेश के 8 जिलों में रेड अलर्ट और 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है। भारी बारिश के कारण लखनऊ, गोंडा, बलरामपुर समेत कई जिलों में स्कूल बंद किए गए हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला लगातार तेज होता जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम तंत्र और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। नेपाल सीमा से सटे तराई क्षेत्र और पूर्वांचल के जिलों में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश जारी है। लगातार बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक शनिवार को बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। तराई क्षेत्र में इसका असर सबसे ज्यादा रहने का अनुमान है।
इन 8 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों और आसपास के क्षेत्रों में रेड अलर्ट के चलते प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
39 जिलों में येलो अलर्ट, 59 में आंधी-वज्रपात का खतरा
पूर्वांचल, मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में बारिश की संभावना है। 39 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट है। इनमें प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, अयोध्या, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, मैनपुरी और इटावा समेत कई जिले शामिल हैं।
इसके अलावा 59 जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा की आशंका जताई गई है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
कई जिलों में स्कूल बंद, 28 सितंबर से खुलेंगे विद्यालय
भारी बारिश और जलभराव के खतरे को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। गोंडा में नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में शिक्षण कार्य बंद रखने का आदेश दिया गया है। यहां अब स्कूल 28 सितंबर को खुलेंगे।
लखनऊ में कक्षा 1 से 12 तक, जबकि बलरामपुर, सीतापुर, बाराबंकी और श्रावस्ती में भी मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यालय बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। अंबेडकरनगर में भी कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्ड के स्कूल शनिवार को बंद रहेंगे। रायबरेली में भी कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
27 सितंबर तक मौसम प्रभावित रहने का अनुमान
आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों के पास बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में 27 सितंबर तक मौसम प्रभावित रहने का अनुमान है। आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, लखनऊ, कानपुर नगर और फतेहपुर समेत कई जिलों के जलग्रहण क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का खतरा भी बताया गया है।
प्रशासन अलर्ट, 1070 पर दें सूचना
राहत आयुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारियों को जरूरत के अनुसार स्कूल-कॉलेज और गैर-जरूरी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने का अधिकार दिया गया है।
प्रशासन ने कच्चे मकानों के आसपास जलभराव पर नजर रखने, जल निकासी सुनिश्चित करने और संवेदनशील परिवारों की सुरक्षा के निर्देश दिए हैं। फायर सर्विस, PAC, सिविल डिफेंस, होमगार्ड और आपदा मित्रों की टीमों को सक्रिय रखा गया है।
लोगों को सलाह दी गई है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। खुले स्थान, पेड़ के नीचे या पार्क में रुकने से बचें और मौसम विभाग तथा प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें। आपात स्थिति में 1070 पर सूचना दी जा सकती है।


