यूपी-बिहार समेत उत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट, 25 अगस्त तक कई राज्यों में बरसेंगे बादल
आईएमडी ने यूपी, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में 25 अगस्त तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानें आपके राज्य में कब होगी भारी बारिश।

नई दिल्ली। उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। कई राज्यों में लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग (आइएमडी) ने अगले कई दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तरी झारखंड, दक्षिण-पश्चिम बिहार और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास बने डिप्रेशन का असर उत्तर और मध्य भारत के मौसम पर दिखाई दे रहा है। इसके कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 19 अगस्त को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बिहार और झारखंड में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
यूपी-बिहार में अगले कई दिन बारिश
आइएमडी के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 25 अगस्त के दौरान कई इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19-20 अगस्त और 23 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। बिहार में 19-20 अगस्त और 24-25 अगस्त को बारिश का दौर देखने को मिल सकता है, जबकि 21 से 23 अगस्त के बीच राज्य के कई हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है।
झारखंड में 19 अगस्त के अलावा 22 से 25 अगस्त के दौरान भी कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। 20 और 21 अगस्त को भी राज्य में बारिश की संभावना बनी हुई है।
हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी अलर्ट
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बिगड़ने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 19 से 22 अगस्त के बीच बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तराखंड में 19 से 25 अगस्त तक कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।
इन क्षेत्रों में कुछ जगहों पर आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी तेज बारिश
मध्य भारत में पूर्वी मध्य प्रदेश में 19 से 25 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 19 से 22 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 19-21 अगस्त और 23-24 अगस्त के दौरान बारिश हो सकती है।
विदर्भ में 19 से 23 अगस्त और छत्तीसगढ़ में 19-20 अगस्त तथा 23-25 अगस्त के बीच तेज बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 19 से 23 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर में भी बारिश
पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 19 से 25 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है। ओडिशा में 21 से 25 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश का अनुमान है, जबकि 19-20 अगस्त को भी तेज बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में 19-22 अगस्त और 23-25 अगस्त के दौरान बारिश की संभावना है। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 19 से 22 अगस्त के बीच बारिश और कुछ इलाकों में आंधी-बिजली का अलर्ट है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर
दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, उत्तरी एवं दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 19 से 25 अगस्त के बीच कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में 21-22 अगस्त के दौरान बारिश की संभावना है। तटीय कर्नाटक में 19 से 25 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है।


