Top
Begin typing your search above and press return to search.

यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन हमला, जवाबी कार्रवाई में लक्ष्मी मित्तल की फैक्ट्री को नुकसान

रूस-यूक्रेन युद्ध में यूक्रेन के बड़े ड्रोन हमले के बाद रूस ने जवाबी कार्रवाई की। रूसी हमले में लक्ष्मी मित्तल की ArcelorMittal Kryvyi Rih फैक्ट्री को नुकसान पहुंचा।

यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन हमला, जवाबी कार्रवाई में लक्ष्मी मित्तल की फैक्ट्री को नुकसान
X
नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में एक बार फिर बड़े पैमाने पर हवाई हमले हुए हैं। यूक्रेन ने रविवार को रूस के अलग-अलग इलाकों में सैकड़ों ड्रोन से हमला किया। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में कई लोगों की मौत हुई और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा। इसके जवाब में रूस ने भी यूक्रेन के कई शहरों और ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि रातभर में यूक्रेन के 822 ड्रोन नष्ट किए गए। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के मुताबिक, करीब 600 ड्रोन राजधानी मॉस्को की दिशा में बढ़ रहे थे। इनमें से बड़ी संख्या को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही मार गिराया गया।

रूस के हमले में यूक्रेन में कई लोगों की मौत

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूसी हमलों को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्रिवी रिह शहर में रूसी मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत हुई और 14 लोग घायल हुए। सूमी में भी एक व्यक्ति की मौत की खबर है।

जापोरिज्जिया क्षेत्र में भी एक पुरुष और एक महिला के मारे जाने की जानकारी सामने आई। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल कर उन इलाकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है, जहां तक उसकी पहुंच है।

लक्ष्मी मित्तल की कंपनी की फैक्ट्री को नुकसान

रूसी जवाबी हमले का असर भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी ArcelorMittal Kryvyi Rih पर भी पड़ा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कंपनी ने पुष्टि की है कि रूसी हमले में उसकी एक साइट को नुकसान पहुंचा है।

हमले के बाद फैक्ट्री में काम आंशिक रूप से रोक दिया गया है। फिलहाल नुकसान की पूरी मात्रा का आकलन किया जा रहा है। यह प्लांट यूक्रेन के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल है और आर्सेलरमित्तल समूह का हिस्सा है।

रूस के कई इलाकों में ड्रोन हमले

रूसी अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन के हमलों का असर कई क्षेत्रों में देखने को मिला। पोडॉल्स्क शहर में एक ऑनलाइन रिटेल कंपनी के गोदाम में आग लग गई। वहीं, दक्षिण-पश्चिमी रूस के रोस्तोव क्षेत्र के तीन शहरों को भी ड्रोन हमलों का निशाना बनाया गया।

क्षेत्रीय गवर्नर यूरी स्ल्यूसर के मुताबिक, 150 से अधिक ड्रोन से हुए हमले में पांच लोगों की मौत हुई। कई मकानों और एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा, जबकि जंगल में भी आग लग गई।

लगभग चार साल से जारी युद्ध में दोनों देशों के बीच हवाई हमलों की तीव्रता लगातार बढ़ती रही है। ताजा हमले ऐसे समय हुए हैं जब युद्ध को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों के बावजूद जमीन और आसमान दोनों मोर्चों पर तनाव बरकरार है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it